दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम हुई बारिश और गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी से तापमान में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। पालम और सफदरजंग में तापमान 29 डिग्री से गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि लोधी रोड पर 8.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अन्य इलाकों में भी तापमान 5 से 10 डिग्री तक घटा। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है।  

बारिश का येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान विभाग ने आज (19 मार्च) के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि दोपहर से लेकर रात के बीच कभी भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। गुरुवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। 

अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी 

अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और बीच-बीच में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा। राजधानी के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे और हवा की रफ्तार सामान्य से अधिक रही। 

आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा

मौसम विभाग ने 19 एवं 20 मार्च को गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जारी किया है। बीस मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री रहने का अनुमान है।

21 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तथा न्यूनतम 14 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा। (इनपुट-एजेंसी)