राजस्थान : बारां में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, एसडीआरएफ ने 29 लोगों को बचाया

राजस्थान के पूर्वी जिलों में हो रही भारी बारिश के कारण बारां जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने 23 जून को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसका असर अब साफ दिख रहा है। भारी बारिश के चलते राजस्थान के बारां जिले में 190 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस संकट के बीच राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 29 लोगों और 2450 भेड़ों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि “इस समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके कारण पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। अगले 2-3 दिनों तक गरज-चमक और बारिश का असर जारी रहेगा।”

वहीं कोटा संभाग के चार जिले- बारां, कोटा, बूंदी और झालावाड़ ऑरेंज अलर्ट पर हैं। इसका मतलब है कि अगले 24 घंटे में यहां 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, उदयपुर और भरतपुर संभागों में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सभी प्रभावित जिलों के निवासियों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उत्तर-पूर्व भारत में भी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अनुसार राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। -(IANS)