राजनाथ सिंह ने तनोट माता मंदिर में किया दर्शन, मांगी देश की सुरक्षा की कामना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित प्रसिद्ध तनोट राय माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए मां तनोट से आशीर्वाद मांगा।

यह यात्रा उनके सीमावर्ती इलाकों के दौरे का हिस्सा थी, जहां उन्होंने पश्चिमी सीमा पर तैनात जवानों से भी मुलाकात की।

राजनाथ सिंह ने एक्स (X) पर अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “जैसलमेर स्थित तनोट राय माता मंदिर में दर्शन कर खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। इस मंदिर की ऊर्जा अद्भुत है।”

मंदिर पहुंचने पर उनका स्वागत बीएसएफ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल जतिंदर सिंह बिंजी, कमांडेंट नीरज शर्मा और असिस्टेंट कमांडेंट विकास नारायण सिंह ने किया।

इस दौरान सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और बैटल एक्स डिवीजन के कमांडर मेजर जनरल आशीष खुराना भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंदिर परिसर में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “मां तनोट के दर्शन कर मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला हर जवान मां तनोट के आशीर्वाद से शक्ति प्राप्त करता है।”

उन्होंने पास स्थित महादेव मंदिर का भी दौरा किया और उन बमों को देखा जो 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने यहां गिराए थे, लेकिन देवी मां की कृपा से फटे नहीं। राजनाथ सिंह ने वहां वीरगति प्राप्त सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी।

रक्षा मंत्री ने बीएसएफ जवानों की सराहना करते हुए कहा कि यह बल देश की प्रतिबद्धता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सीमा की रक्षा कर रहे जवान देश का गौरव हैं।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री की इस यात्रा से जवानों का मनोबल और भी बढ़ा है।

राजनाथ सिंह का यह दौरा सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना से भी जुड़ा हुआ था, जो यह दर्शाता है कि हमारे सैनिक उस भूमि से गहरा संबंध रखते हैं जिसकी रक्षा वे दिन-रात करते हैं।

-(इनपुटःएजेंसी)