प्रतिक्रिया | Monday, February 24, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

झारखंड चुनाव और देशभर में उपचुनाव परिणाम आज होंगे जारी, मतदाताओं का फैसला बदलेगा सियासी समीकरण

झारखंड विधानसभा चुनाव और देशभर में उपचुनाव परिणाम आज शनिवार को जारी होंगे। मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शुरुआती रुझान दो घंटे के भीतर आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि 81 सदस्यीय विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में हुए चुनावों में रिकॉर्ड 67.74% मतदान हुआ, जो 2000 में राज्य के गठन के बाद से सबसे ज्यादा है। यह भारी मतदान बताता है कि इस बार के चुनाव कितने महत्वपूर्ण हैं। सत्तारूढ़ INDIA गठबंधन, जिसका नेतृत्व झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) कर रहा है, दूसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में है। वहीं, भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए सरकार विरोधी लहर और भ्रष्टाचार के आरोपों के सहारे सत्ता में वापस आने की कोशिश कर है।

वहीं इस बार चुनाव प्रचार के दौरान झारखंड में जबरदस्त राजनीतिक टकराव देखने को मिला। भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप लगाए। इसके जवाब में INDIA गठबंधन ने भी कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया और केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

कई दिग्गज नेताओं की चुनावी किस्मत दांव पर

राज्य में कई प्रमुख सीटें चर्चा का केंद्र हैं। बरहेट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मुकाबला भाजपा के गमलियन हेम्ब्रम से है। गांडेय में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भाजपा की मुनिया देवी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। सरायकेला में पूर्व JMM नेता चंपई सोरेन और भाजपा से JMM में शामिल हुए गणेश महली आमने-सामने हैं। वहीं, जामताड़ा में कांग्रेस नेता इरफान अंसारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन के बीच कांटे की टक्कर है।

देश के 15 राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आज 

झारखंड के अलावा, देश के 15 राज्यों  में 48 विधानसभा उपचुनाव और दो संसदीय उपचुनाव के नतीजे भी  राजनीतिक तौर पर बेहद अहम हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 9 सीटें, राजस्थान की 7, पश्चिम बंगाल की 6, केरल और मध्य प्रदेश की 2-2 सीटें, और सिक्किम की 2 सीटें महत्वपूर्ण रूप से शामिल हैं।

इन उपचुनावों में क्षेत्रीय दलों की ताकत का परीक्षण होगा। उत्तर प्रदेश में सपा और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर है, जबकि राजस्थान के उपचुनाव राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों की झलक दिखा सकते हैं। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी भाजपा की चुनौती का सामना कर रही है।

आगंतुकों: 18526952
आखरी अपडेट: 23rd Feb 2025