साहित्य अकादमी की ओर से शुक्रवार 7 मार्च से 12 मार्च 2025 तक नई दिल्ली में वार्षिक साहित्य महोत्सव यानी ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स 2025’ आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तहत काम करने वाली भारत की प्रमुख साहित्यिक संस्था साहित्य अकादमी नई दिल्ली के रवीन्द्र भवन में इस कार्यक्रम का आयोजन करेगी।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत महोत्सव का करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। वहीं प्रख्यात अंग्रेजी नाटककार महेश दत्तानी पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जिसमें 23 भाषाओं में प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रख्यात लेखक और विद्वान उपमन्यु चटर्जी इस वर्ष का संवत्सर व्याख्यान देंगे।
50 से अधिक भाषाओं के करीब 700 लेखक लेते हैं हिस्सा
उल्लेखनीय है कि यह एशिया का सबसे बड़ा साहित्य महोत्सव है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से 50 से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 700 लेखक इस महोत्सव में भाग लेते हैं। इसके 100 से अधिक सत्र होते हैं।
महोत्सव का विषय
महोत्सव का विषय भारतीय साहित्यिक परंपराएं होगा और महोत्सव के आखिरी तीन दिनों के दौरान इस विषय पर प्रख्यात विचारकों और लेखकों की राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
पूरे उत्सव के दौरान क्या होगा खास ?
महोत्सव के अंतिम दिन बच्चों के लिए एक दिवसीय कार्यक्रम “स्पिन ए टेल” का आयोजन किया जाएगा। पूरे उत्सव के दौरान, विभिन्न विषयों पर प्रख्यात लेखकों, कवियों, अनुवादकों, प्रकाशकों और आलोचकों द्वारा प्रस्तुतियां, वाचन और चर्चाएं होंगी।
तीनों दिन शाम को, राकेश चौरसिया (बांसुरी वादन), नलिनी जोशी (हिंदुस्तानी गायन) और फौजिया दास्तानगो और रितेश यादव (दास्तान-ए-महाभारत) जैसे प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। पत्र महोत्सव सभी साहित्य प्रेमियों और उन लोगों के लिए खुला और निःशुल्क है जो भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले साहित्य महोत्सव का आनंद लेना चाहते हैं।