Print

साक्षी चौधरी ने मीनाक्षी को हराकर राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों का कटाया टिकट

साक्षी चौधरी ने राष्ट्रीय मुक्केबाजी चयन प्रतियोगिता में मौजूदा विश्व और एशियाई चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा को हराकर 51 किलोग्राम वर्ग में भारत की जगह पक्की कर ली है।

इस जीत के साथ साक्षी चौधरी ने इस वर्ष होने वाले राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में स्थान बना लिया।

पटियाला स्थित Netaji Subhas National Institute of Sports में खेले गए फाइनल मुकाबले में साक्षी ने मीनाक्षी को हराया।मीनाक्षी मूल रूप से 48 किलोग्राम वर्ग की खिलाड़ी हैं, लेकिन चयन प्रतियोगिता के लिए 51 किलोग्राम वर्ग में उतरी थीं।

वहीं साक्षी चौधरी ने 2025 विश्व मुक्केबाजी कप में 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के बाद इस चयन प्रतियोगिता के लिए अपना वजन वर्ग घटाकर 51 किलोग्राम किया था।इससे पहले सेमीफाइनल में साक्षी ने दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

दूसरी ओर मीनाक्षी हुड्डा ने पूर्व विश्व चैंपियन नीतू घंघास को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।51 किलोग्राम वर्ग में इस बार भारत को नया प्रतिनिधि मिलेगा, क्योंकि निकहत और नीतू दोनों चयन दौड़ से बाहर हो गईं।

निकहत जरीन को चयन प्रतियोगिता में हिस्सा लेना पड़ा, क्योंकि वह पिछले महीने मंगोलिया के उलानबटार में हुई एशियाई चैंपियनशिप के जरिए सीधे प्रवेश हासिल नहीं कर सकी थीं।वह महाद्वीपीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन चीन की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज वू यू से हार गई थीं।

इसके अलावा सचिन सिवाच, प्रीति पवार और प्रिया घंघास ने एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचकर राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल दोनों के लिए जगह बनाई है।

वहीं जैस्मिन लाम्बोरिया और अरुंधति चौधरी ने केवल राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया है, क्योंकि उनके वजन वर्ग एशियाई खेलों में शामिल नहीं हैं।

राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो में आयोजित होंगे, जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में खेले जाएंगे।

-(इनपुटःएजेंसी)