केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के रमासिया गांव से राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया। 1 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत किसानों को मिट्टी संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिट्टी बचेगी तो खेती बचेगी, किसान मजबूत होगा और देश समृद्ध बनेगा।
मिट्टी की सेहत बचाना सबकी जिम्मेदारी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धरती हमारी माता है और उसकी सेहत की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अंधाधुंध रासायनिक खाद और कीटनाशकों के उपयोग से बचें तथा मिट्टी की जांच के आधार पर आवश्यकता अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता कम होती है और लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं, जिससे उत्पादन और खेती की लागत दोनों प्रभावित होती हैं।
जनआंदोलन बनेगा ‘खेत बचाओ अभियान’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती माता को बचाने का राष्ट्रीय संकल्प है। इसके तहत कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्रों के अधिकारी, कृषि विभाग की टीमें और जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर किसानों को मिट्टी परीक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, आधुनिक बुवाई तकनीक, जल संरक्षण और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी देंगे।
सॉयल हेल्थ कार्ड और वैज्ञानिक खेती पर जोर
उन्होंने कहा कि हर किसान का सॉयल हेल्थ कार्ड बनना जरूरी है, ताकि वह अपनी जमीन की वास्तविक जरूरत के अनुसार खाद का उपयोग कर सके। इससे खेती की लागत घटेगी, उत्पादन बढ़ेगा और मिट्टी लंबे समय तक उपजाऊ बनी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार रियायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध करा रही है, लेकिन इसका अर्थ आवश्यकता से अधिक उपयोग नहीं है। सही मात्रा में खाद का उपयोग ही टिकाऊ खेती की कुंजी है।
उन्नत तकनीक और फसल प्रबंधन की मिलेगी जानकारी
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सोयाबीन, धान और दलहन फसलों के लिए विशेष प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसानों को उन्नत बीज, वैज्ञानिक बुवाई, लेजर लेवलर जैसी आधुनिक तकनीकों और पानी बचाने वाली कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्रों और विशेषज्ञ संस्थानों की सहायता से नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण और युवाओं पर विशेष फोकस
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभियान के साथ महिला सशक्तिकरण को भी जोड़ा गया है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, आयवर्धन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और छोटे व्यवसाय शुरू करने में सहायता दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की आय बढ़ा सकें। उन्होंने युवाओं के लिए भी मार्गदर्शन और तैयारी के अवसर बढ़ाने की बात कही। उनके अनुसार ग्रामीण विकास केवल सड़क, मकान और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में रोजगार, आय और आत्मनिर्भरता के अवसर सृजित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
नकली खाद-कीटनाशकों के खिलाफ भी चलेगा अभियान
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी सोच रखते हैं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाते हैं। उन्होंने कहा कि धरती माता केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है। इसलिए मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान संतुलित उर्वरक उपयोग, हरित खाद को बढ़ावा देने और नकली खाद व कीटनाशकों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि किसानों को क्षेत्र की कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त फसल, बीज, कृषि प्रणाली, बीज उपचार और अन्य वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ भी अभियान के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
जनभागीदारी से बनेगा बड़ा आंदोलन
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रमासिया गांव से शुरू हुआ यह अभियान आगे चलकर जनभागीदारी का बड़ा आंदोलन बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से गांवों का दौरा करें, किसानों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएं और खेती बचाने के इस संकल्प को धरातल पर उतारें। उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं से विकास अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही समृद्ध गांव, सशक्त किसान, आत्मनिर्भर महिलाएं और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। (इनपुट: पीआईबी)


