Print

रेगिस्तान में बारिश का कहर: यूएई में भारी बरसात, ओमान में 18 की मौत

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और उसके आसपास के देशों में मंगलवार को बारिश का कहर देखने को मिला। यूएई में भारी बारिश से प्रमुख राजमार्गों के कुछ हिस्सों में पानी भर गया और पूरे दुबई में वाहन सड़कों पर जगह-जगह खड़े हो गए। दुनिया के व्यस्ततम हवाई अड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) पर करीब 25 मिनट संचालन बंद रहा।

पड़ोसी देश ओमान में बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 18 हो गई है और कई अन्य लापता हैं। अरब प्रायद्वीप के देश यूएई में बारिश असामान्य है, नियमित बारिश की कमी के कारण कई सड़कों और अन्य क्षेत्रों में जल निकासी प्रणाली का अभाव है जिससे बाढ़ आई है। भारी बारिश के कारण यूएई के प्रशासन ने मंगलवार को लोगों से घरों में ही रहने का अनुरोध किया। स्कूलों ने कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित कीं। सरकारी कर्मचारियों से भी घरों से कार्य करने को कहा गया। राजमार्गों और सड़कों से पानी निकालने के लिए प्रशासन को बड़े-बड़े पंप लगाने पड़े।

राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दुबई, अबु धाबी, शारजाह व कुछ अन्य अमीरात के निवासियों से अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश व ओलावृष्टि के लिए तैयार रहने को कहा है। यूएई के पड़ोसी देशों बहरीन, कतर, सऊदी अरब में भी जमकर बारिश हुई है।ओमान में तो हाल के दिनों में हुई भारी बारिश से आई बाढ़ के कारण 18 लोगों की मौत हुई है। इनमें 10 स्कूली बच्चे शामिल हैं जिनका वाहन बाढ़ में बह गया था। बहरीन की राजधानी मनामा में सड़कों पर पानी भर गया। कुवैत, सऊदी अरब व ओमान में बुधवार (आज) को चक्रवात की आशंका जताई गई है।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)

RELATED ARTICLES

15 mins ago | Abdullah bin Zayed Al Nahyan

जयशंकर और यूएई के विदेश मंत्री अल-नाहयान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर आधिकारिक दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे, जहां उन्होंने अपने सम...

1 hour ago | Anita Anand

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा: रिश्ते फिर नई ऊंचाई पर, व्यापार और सुरक्षा पर फोकस

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और कनाडा के रिश्ते फिर से नई ऊंचाई छूने लगे हैं। कनाडा की विदेश म...