गौतमबुद्धनगर जिले में तेजी से बढ़ रही गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव कर दिया है। अब सभी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी।
रविवार देर रात जारी हुआ आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार द्वारा रविवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, यह नया समय जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय, परिषदीय, राजकीय तथा सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और यूपी बोर्ड सहित सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। यह व्यवस्था अग्रिम आदेश तक जारी रहेगी।
अभिभावकों को समय पर नहीं मिली जानकारी
हालांकि, देर रात जारी इस आदेश की जानकारी सोमवार सुबह तक कई स्कूलों तक नहीं पहुंच पाई। नतीजतन, सोमवार सुबह कई स्कूल पुराने समय के अनुसार ही कक्षाएं शुरू कर चुके थे, जिससे अभिभावक और छात्र भारी उलझन में पड़ गए।अभिभावकों ने बताया कि उन्हें न तो प्रशासन की ओर से कोई सूचना मिली और न ही स्कूलों ने पहले से कोई जानकारी दी। एक अभिभावक ने कहा, “बच्चे छोटे-छोटे हैं। इतनी तेज गर्मी में हम स्कूल पहुंचे तो पता चला कि समय बदल गया है, लेकिन स्कूल प्रशासन भी इस मामले में असमंजस में था।”
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय में यह बदलाव किया गया
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि अत्यधिक तापमान और लू के चलते बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह बदलाव किया गया है। आदेश की प्रतियां जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, विभिन्न उपजिलाधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षक और सभी प्रधानाचार्यों को भेज दी गई हैं।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है तापमान
विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे बदलावों की सूचना व्हाट्सएप, एसएमएस या स्कूल के माध्यम से समय पर दी जाए, ताकि अभिभावकों और बच्चों को परेशानी का सामना न करना पड़े। (इनपुट-एजेंसी)


