प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

11/06/24 | 4:34 pm

शिवराज सिंह चौहान ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का संभाला कार्यभार

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज (मंगलवार) कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए शिवराज ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा सोमवार को लिया गया प्रथम निर्णय किसानों के हित में था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया है और सरकार किसानों के कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार पिछले दस वर्षों से किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनका मंत्रालय लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर काम करता रहेगा।

कार्यभार संभालने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों का दौरा किया और सफाई कर्मचारियों सहित विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए सरकार के विजन को पूरा करने के लिए उन्हें एक टीम के रूप में काम करने और एक-दूसरे के साथ सहयोग पूर्वक काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मंत्रालय में कृषि एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र का भी दौरा किया और फसल उत्पादन एवं सूखे की स्थिति से निपटने को लेकर तैयारी सहित देश के भीतर कृषि परिदृश्य की समीक्षा करने के लिए सुविधाओं का अवलोकन किया।

इसके बाद उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और मंत्रालय के कामकाज में पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने किसानों के कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए सरकार का घोषणापत्र भी सौंपा और सभी से इसे पूरा करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दूरदर्शी नेता हैं और उन्होंने अधिकारियों से घोषणापत्र में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए रोडमैप पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के जीवन में सुधार लाना मंत्रालय का मिशन होना चाहिए।

रामनाथ ठाकुर और भागीरथ चौधरी ने भी कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव मनोज आहूजा, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव हिमांशु पाठक और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने माननीय मंत्रियों का स्वागत किया।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5519502
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024