Print

पश्चिम बंगाल में गर्मी से राहत के संकेत, आंधी-तूफान की चेतावनी

पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत मिले हैं। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को आंधी-तूफान (कालबैसाखी) आने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन तूफानों के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

हावड़ा और दक्षिण 24 परगना जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, दक्षिण बंगाल के छह जिलों—उत्तर 24 परगना, बांकुरा, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, नदिया और बीरभूम—के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार के बाद भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी। विशेष रूप से पुरुलिया, बांकुरा, पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में इसका असर ज्यादा देखा जा सकता है।

शनिवार और रविवार को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन मौसम गतिविधियों के कारण शुक्रवार को तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन सप्ताहांत में फिर से बढ़ोतरी होगी। कोलकाता में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक और पश्चिमी जिलों में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वहीं, उत्तर बंगाल के पांच जिलों—दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी—में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है। मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी छिटपुट आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

(इनपुट-आईएएनएस)