सिक्किम के एकमात्र लोकसभा सांसद इंद्र हंग सुब्बा ने गुरुवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े लंबे समय से लंबित विकास, संवैधानिक और रणनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्यमंत्री की ओर से दिया धन्यवाद
बैठक में सांसद ने सिक्किम के लोगों और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) की ओर से प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। उन्होंने राज्य के विकास में लगातार सहयोग के लिए केंद्र की एनडीए सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
सुरंग दुर्घटना की स्थिति से कराया अवगत
प्रधानमंत्री ने सिक्किम में हाल ही में हुई सुरंग दुर्घटना की जानकारी ली। इस पर सांसद ने उन्हें राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया और प्रभावित परिवारों के प्रति प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त चिंता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
12 समुदायों को अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल करने की मांग
ज्ञापन में सिक्किम के 12 समुदायों को जल्द से जल्द अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करने की मांग की गई। सांसद ने इसे राज्य की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग बताते हुए इस पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
विधानसभा में एसटी आरक्षण से जुड़े मुद्दे उठाए
सुब्बा ने ‘जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950’ के प्रावधानों की समीक्षा का अनुरोध किया, ताकि सिक्किम विधानसभा में अनुसूचित जनजातियों के लिए सीटों के आरक्षण का प्रावधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने लिंबू और तमांग अनुसूचित जनजातियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की भी मांग की।
हाईवे, रणनीतिक सड़क और हवाई सेवा पर जोर
सांसद ने राज्य की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए नेशनल हाईवे-10 के समानांतर एक ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण की मांग की। इसके अलावा, पश्चिमी सिक्किम में भारत-नेपाल सीमा के साथ बॉर्डर आउटपोस्ट को जोड़ने वाली हर मौसम में चालू रहने वाली रणनीतिक सड़क विकसित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने पाकयोंग हवाई अड्डे से अनुसूचित वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग भी रखी।
आईआईटी, एनआईएफटी और करमापा यात्रा का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में सिक्किम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) या उसके एक्सटेंशन कैंपस की स्थापना तथा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी) खोलने का अनुरोध किया गया। साथ ही, 17वें करमापा की सिक्किम यात्रा को सुगम बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग देने की भी मांग की गई।
सकारात्मक निर्णय की जताई उम्मीद
सांसद कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इंद्र हंग सुब्बा ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा, जिससे सिक्किम के समावेशी, रणनीतिक और टिकाऊ विकास को नई गति मिलेगी। (इनपुट-आईएएनएस)


