प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार आज समाप्त, शनिवार को होगी वोटिंग

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार आज समाप्त हो रहा है। आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 58 निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार, 25 मई को मतदान होगा। इन क्षेत्रों में बिहार की 8 सीटें, हरियाणा की सभी 10 सीटें, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट, झारखंड की 4, दिल्ली की सभी 7 सीटें, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटें शामिल हैं। इस चरण में कुल 889 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी आज सबसे पहले दोपहर दो बजे हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र में भाजपा की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वो पंजाब का रुख करेंगे। जहां प्रधानमंत्री पंजाब के पटियाला में शाम साढ़े चार बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी कल गुरदासपुर और जालंधर में भी रैलियां करेंगे। इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अन्य स्थानीय नेता रोड शो और रैलियों के माध्यम से प्रचार कर रहे हैं।

दिल्ली में शनिवार को सभी सात लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। राजनीतिक दल रोड शो, सार्वजनिक बैठकें और घर-घर अभियान चला रहे हैं। भाजपा नेता राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी भी प्रचार में जोरशोर से लगे हुए हैं जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगोलपुरी और सीमापुरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

दिल्ली में मुख्य रूप से मुकाबला बीजेपी और आप-कांग्रेस गठबंधन के बीच है। भाजपा सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पिछले दो चुनावों में बीजेपी ने सभी सात सीटें जीती थीं और वह इस सफलता को दोहराने की कोशिश कर रही है। राजधानी में बीजेपी के प्रभुत्व को चुनौती देने के लिए कांग्रेस और आप भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5536752
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024