प्रतिक्रिया | Sunday, May 12, 2024

19/02/24 | 4:24 pm

उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम गढ़ेगा : राजनाथ सिंह

देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम गढ़ेगा। वहीं राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश से अब उद्यम प्रदेश बनकर भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित उत्तर प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ में ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। 

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह में अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी आपके नेतृत्व में सम्पूर्ण भारत तेजी आगे बढ़ रहा है। सबसे अलग नजरिया होता है। जहां लोग समस्या देखते हैं, वहां पीएम समाधान देखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी सबसे दैदीप्यमान नक्षत्र के रूप में दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में पीएम ने मजबूत नींव रखी है। भारत की जनता को भरोसा है कि आपके तीसरे व चौथे नेतृत्व में भारत शिखर को छुएगा। राजनैतिक और उद्योगपति मिलकर भारत को बहुत आगे ले जाएंगे। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए भी आपने बड़ा कार्य किया।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते 7 वर्षों में उत्तर प्रदेश में निवेशक अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में जो प्रयास किए हैं उसका परिणाम ही है कि आज उत्तर प्रदेश में यह ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी हो रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में जिस तरह उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है उससे ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह निवेश लाने की दिशा में पथप्रदर्शक समारोह साबित होगा। उन्होंने कहा मैं आश्वस्त हूँ कि हमारा यूपी विकास के नए आयाम गढ़ेगा।  

समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के अमृतकाल के सारथी के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यशस्वी मार्गदर्शन और नेतृत्व प्रदान हो रहा है। प्रधान नरेन्द्र मोदी के मिशन को हम लक्ष्य तक पहुंचाएंगे। योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि देश और दुनिया के उद्योग जगत ने हम पर और हमारी नीतियों पर विश्वास जताया। उत्तर प्रदेश को अब तक लगभग 40 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। आज इन्हीं प्रयासों को धरातल पर उतारने का उत्सव है। नया उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश से अब उद्यम प्रदेश बनकर भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित उत्तर प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।

अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री योगी ने उप्र की उपलब्धियां भी गिनाई।  

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1431877
आखरी अपडेट: 11th May 2024