प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

22/11/23 | 11:54 am

प्रधानमंत्री ने पांचवीं बार सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया अपडेट, मुख्यमंत्री धामी से फोन पर की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पांचवी बार सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट लिया। इस संबंध में पीएम मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत की है। 

41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए जारी बचाव अभियान

ज्ञात हो, उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए राहत व बचाव चलाया जा रहा है। इसी संबंध में प्रधानमंत्री ने बुधवार को पांचवीं बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को फोन कर आवश्यक आपूर्ति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी जानकारी

इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री से बातचीत की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फोन पर बात कर सिलक्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों के लिए भोजन, दवाइयां, अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और उन्हें सकुशल बाहर निकालने के लिए चल रहे बचाव कार्यों की जानकारी ली।

https://x.com/pushkardhami/status/1727171700843061662?s=20

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दिया यह अपडेट

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को केंद्रीय एजेंसियों, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और प्रदेश प्रशासन के परस्पर समन्वय के साथ संचालित बचाव कार्यों से अवगत कराया। इस दौरान उन्हें गत 24 घंटों में हुई सकारात्मक प्रगति और श्रमिकों व उनके परिजनों की बातचीत से बढ़े मनोबल की भी जानकारी दी।

निरंतर मिल रहा प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन परिस्थिति से निपटने के लिए प्रधानमंत्री का निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है। जो हम सभी को पूरी ताकत से श्रमिक भाइयों को शीघ्र और सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नित नई ऊर्जा प्रदान करता है।

वहीं, उत्तरकाशी सुरंग हादसे पर जारी बचाव कार्यों को लेकर बुधवार दोपहर एक प्रेस वार्ता भी बुलाई गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि अभी तक 39 मीटर तक ड्रिलिंग की जा चुकी है। ऑगर मशीन से की जा रही यह ड्रिलिंग सुचारू रूप से जारी है। अभी भी 8-10 मीटर का रास्ता बाकी है। तकनीकी समाधान पर लगातार काम जारी है। सुरंग में फंसे 41 श्रमिक स्वस्थ हैं।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1430339
आखरी अपडेट: 11th May 2024