प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

13/11/23 | 10:50 am

भगवान बिरसा मुंडा जयंती: 15 नवंबर को झारखंड में पीएम के कई कार्यक्रम, वंशजों से भी करेंगे मुलाकात

15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती है। आदिवासी समाज में उन्हें भगवान का रूप मानता है, इसलिए उन्हें भगवान बिरसा मुंडा भी कहा जाता है। ऐसे में भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राज्य स्थापना दिवस पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पीएम मोदी 15 नवंबर को उलिहातू के बिरसा ओड़ा पहुंचेंगे और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात करेंगे।

जनसभा को संबोधित भी संबोधित करेंगे पीएम मोदी
झारखंड के खूंटी के उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने बताया कि खूंटी में दो स्थानों पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम है। उलिहातू में अल्पावधि का कार्यक्रम तय है। इसके पश्चात खूंटी के बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम में प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। राज्यभर से बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचेंगे। स्टेडियम में विशाल हैंगर का निर्माण कराया जा रहा है। 25-30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एसपीजी ने उलिहातू से लेकर हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है।

बिरसा मुंडा के वंशजों से भी करेंगे मुलाकात

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 15 नवंबर की सुबह 8:30 बजे दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरेंगे। डेढ़ घंटे बाद रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से उलिहातू के लिए उड़ान भरेंगे। उलिहातू में 10:20 से 10:35 बजे के बीच प्रधानमंत्री भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक आवास में उनके परिजनों से भी मिलेंगे।

ट्राइबल प्रदर्शनी का करेंग अवलोकन
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11 बजे हेलिकॉप्टर से खूंटी के लिए रवाना होंगे। वो 11:10 बजे खूंटी पहुंचेगे। यहां ट्राइबल कलाकार उनका परंपरागत तरीके से स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री ट्राइबल प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। पूर्वाह्न 11:30 बजे झंडा दिखाकर विकसित भारत यात्रा को रवाना करेंगे। इसके बाद जनजातीय मंत्री का भाषण होगा। 11: 45 से पीवीटीजी मिशन और पोर्टल लांच पर शॉर्ट फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। 11: 50 बजे योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया जाएगा। 11:55 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भाषण और दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री का भाषण होगा। अपराह्न 12:30 बजे प्रधानमंत्री रांची के लिए उड़ान भरेंगे। रांची एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1419756
आखरी अपडेट: 11th May 2024