प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

15/12/23 | 8:00 am

भजनलाल आज लेंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ, प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होगा समारोह

राजस्थान भाजपा विधायक दल के नेता भजनलाल शर्मा आज (शुक्रवार) दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजधानी जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल पर होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित तमाम केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। प्रदेश के एक लाख से ज्यादा लोग इस कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे।

समारोह में 16 केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के 17 मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। समारोह स्थल पर भाजपा के झंडे, होर्डिंग और काउंटर सहित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए है। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने उच्चाधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा सफाई व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए है।

कई राज्यों के सीएम और केंद्रीय नेता होंगे मौजूद

समारोह में केंद्रीय मंत्री शाह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, प्रहलाद जोशी, अश्चिनी वैष्णव, गजेन्द्र सिंह शेखावत, भूपेन्द्र यादव, हरदीप सिंह पुरी, अनुराग ठाकुर, अर्जुनराम मेघवाल, नित्यानंद राय, एसपी सिंह बघेल, मनसुख मांडविया, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल , मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और मणिपुर मुख्यमंत्री के एन बीरेन सिंह के अलावा केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, चौना मीन, देवेंद्र फड़नवीस और यानथुंगो भी शामिल होंगे। राजधानी के मुख्य प्रवेश मार्गों को सजाया गया है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों के विशिष्ट लोगों को भी निमंत्रण भेजे गए हैं। इसमें प्रबुद्धजनों सहित राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं। इसके अलावा खेल जगत और साहित्यिक जगत के खास लोगों को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलावा भेजा गया है।

ट्रैफिक एडवाइजरी 

शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया जा रहा है। समारोह को लेकर पूरे एरिया का ट्रैफिक 14 दिसंबर की सुबह से 15 दिसंबर की दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगा।रामनिवास बाग के अंदर संचालित होने वाला यातायात शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक करीब 32 घंटे बंद रहेगा। हालांकि, रामनिवास बाग के बाहरी रास्ते पर अति आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा। एसएमएस अस्पताल में दिखाने के लिए मरीज एवं उनके परिजन आ-जा सकेंगे।
 

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1421474
आखरी अपडेट: 11th May 2024