प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

03/12/23 | 10:20 am

राजस्थान इलेक्शन रिजल्ट : शुरुआती रुझान में भाजपा बहुमत की ओर सीपी जोशी और राजेंद्र राठौड़ पिछड़े

राजस्थान विधानसभा चुनाव के रुझान आने शुरू हो गए हैं, सभी 199 सीटों के रुझानों में भाजपा बहुमत की ओर बढ़ रही है। फिलहाल भाजपा 103 और कांग्रेस 74 सीटों पर आगे है, वहीं भारत आदिवासी पार्टी ने 3, बसपा ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है, 10 सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट टोंक से दूसरे राउंड में कड़ी टक्कर देते हुए निकट प्रतिद्वंद्वी अजित सिंह से 943 मतों से आगे चल रहें हैं। तो वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी पहले राउंड में पीछे चल रहे हैं। 

आमेर सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी पीछे चल रहे हैं। सरदारपुरा सीट से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आगे चल रहे हैं। वहीं विद्याधर नगर सीट से भारतीय जनता पार्टी से दीया कुमारी आगे चल रही हैं।

चुनावी मैदान कुल 1863 प्रत्याशी

दोपहर 12 बजे तक यह तस्वीर लगभग  साफ हो जाएगी कि अगली सरकार किसकी होगी। राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था। श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत कुन्नर के निधन के कारण वहां चुनाव नहीं हुए हैं। इस विधानसभा चुनाव में 1863 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।

सबसे पहले अजमेर दक्षिण और सबसे आखिर में शिव का रिजल्ट आएगा

चुनाव आयोग के मुताबिक बाड़मेर की शिव विधानसभा सीट पर राजस्थान में सबसे ज्यादा राउंड में मतगणना होगी। यहां मतों की गिनती के सबसे ज्यादा 26 राउंड होंगे, इसलिए इस सीट का रिजल्ट सबसे बाद में आएगा। वहीं, अजमेर दक्षिण विधानसभा सीट पर सबसे कम 14 राउंड में ही मतगणना होगी, इसलिए पहला रिजल्ट इसी सीट का आएगा।

कई दिग्गजों की साख दांव पर

राजस्थान के चुनावी रण में मुख्य लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच ही है। कांग्रेस ने 199 में से 198 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, भरतपुर सीट पर कांग्रेस ने राष्ट्रीय लोक दल से गठबंधन किया है। वहीं भाजपा ने 199 सीटों पर चुनाव लड़ा है।

बड़े चेहरों की बात करें तो कांग्रेस से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर की सरदारपुरा, सचिन पायलट टोंक सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ सीट से प्रत्याशी हैं। वहीं, भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे परंपरागत झालरापाटन सीट से उम्मीदवार हैं और 19334 वोटों से आगे चल रही हैं। 

इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सात सांसदों को भी चुनाव लड़ाया है। इनमें दीया कुमारी विद्याधर नगर से, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ झोटवाड़ा से, बाबा बालकनाथ तिजारा से, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सवाई माधोपुर से, नरेंद्र खींचड़ मंडावा से, देवजी पटेल सांचौर से और भागीरथ चौधरी किशनगढ़ से प्रत्याशी हैं।

(input from ECI)

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1407412
आखरी अपडेट: 11th May 2024