प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

21/10/23 | 4:33 pm

राजस्थान विधानसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की दूसरी सूची, वसुंधरा राजे समेत 83 उम्मीदवार शामिल

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 83 नाम शामिल हैं। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया समेत कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है। 

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पार्टी ने झालरापाटन से टिकट दिया है। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदल दी गई है। वे इस बार तारानगर से चुनाव लड़ेंगे। पिछली बार वे चुरू से जीते थे। चुरू से उनकी जगह हरलाल सहारण को टिकट दिया गया है। 

इस सूची में दस महिलाएं शामिल हैं। इनमें अनूपगढ़ से संतोष बावरी, बीकानेर पूर्व से सिद्धी कुमारी, सूरजगढ़ से संतोष अहलावत, अजमेर दक्षिण अनिता भदेल, जायल से मंजू बाघमार, नागौर से डॉ. ज्योति मिर्धा, मकराना से सुमिता भौंचर, सोजत से शोभा चौहान, राजसमंद से दीप्ती महेश्वरी और झालरापाटन से वसुंधरा राजे शामिल हैं। 

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थिति में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में इन उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई। इससे पहले जारी पार्टी की पहली सूची में 41 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। जिसमें 7 सांसदों के नाम भी शामिल थे।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1428403
आखरी अपडेट: 11th May 2024