प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

07/11/23 | 9:38 am

विधानसभा चुनाव 2023: छत्तीसगढ़ में पहले चरण और मिजोरम में एक चरणीय मतदान शुरू

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 20 निर्वाचन क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। माओवाद प्रभावित 10 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जबकि शेष 10 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ। इनमें से 12 निर्वाचन क्षेत्र माओवाद प्रभावित बस्तर संभाग में हैं जबकि शेष 8 राजनांदगांव में हैं।

मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों के लिए मतदान आज

वहीं मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों के लिए भी मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त होगा। मिजोरम में सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए मतदान एक चरण में हो रहा है। इसके मद्देनजर शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

40 सीटों पर कुल 174 उम्मीदवार मैदान में 

मिजोरम की सभी 40 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। 40 सीटों पर कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। मिजोरम विधानसभा चुनाव में 8.57 लाख से अधिक मतदाता उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मिजोरम में 1276 मतदान केंद्रों में से 149 दूर-दराज के मतदान केंद्र हैं। अंतर-राज्‍य और अंतर्राष्‍ट्रीय सीमाओं सहित लगभग 30 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। बांग्लादेश और म्यांमार के साथ समूचे राज्‍य तथा अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मिजोरम म्यांमार के साथ 510 किलोमीटर और बांग्लादेश के साथ 318 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।

सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट, इंडियन नेशनल कांग्रेस और जोरम पीपुल्स मूवमेंट ने सभी 40 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी 23 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है। आम आदमी पार्टी 4 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है। 27 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात

कुल 174 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सभी उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी को व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) प्रदान किए गए हैं। मिजोरम के कुल 1,831 नागरिक पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ 2,527 विशेष सशस्त्र पुलिस बल (एसएपीएफ) के जवान और 2,700 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को राज्य भर में तैनात किया गया है। इसके अलावा, मिजोरम रिजर्व होम गार्ड्स (एमआरएचजी) के अतिरिक्त 160 कर्मियों को तैनात किया है। इस प्रकार सुरक्षा बलों की कुल तैनाती 7,200 पुलिस द्वारा बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि मतदान केंद्र ड्यूटी, सेक्टर पुलिस अधिकारी, नाका (चौकियां), अंतर-राज्य सीमा जांच चौकियां, स्थैतिक निगरानी दल, फ्लाइंग स्क्वाड, ईवीएम गार्ड, पर्यवेक्षक सुरक्षा, उम्मीदवारों के लिए सुरक्षा, सीएपीएफ/एसएपीएफ संपर्क अधिकारी सहित विभिन्न कार्य , त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), जिला स्ट्राइकिंग फोर्स, नियंत्रण कक्ष संचालन, क्षेत्र प्रभुत्व, जिला चुनाव सेल, पीएचक्यू चुनाव सेल, रिजर्व बल, वाहन सुरक्षा, प्रेषण और प्राप्त केंद्र सुरक्षा, जोनल अधिकारी और सीमा सीलिंग जैसे अन्य विविध निकाय बनाये गये हैं।

मिजोरम के नागरिकों से वोट डालने की अपील 

मिजोरम पुलिस ने मिजोरम के लोगों से मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया है। मिजोरम के नागरिकों से जिम्मेदार नागरिकता प्रदर्शित करने के लिए अपना वोट डालने का आग्रह किया है।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1420805
आखरी अपडेट: 11th May 2024