प्रतिक्रिया | Saturday, May 11, 2024

22/12/23 | 10:31 am

विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में आज 9 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे

छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की कैबिनेट का विस्तार आज होने जा रहा है। साय मंत्रिमंडल में आज 9 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज सुबह 11.45 बजे राजभवन में होगा। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन राज्य के नौ नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।

कैबिनेट में कुल 12 में 6 ओबीसी, 3 आदिवासी, 2 सामान्य और 1 एससी हैं। वहीं एक जगह अब भी खाली है। प्रदेश में 13 सदस्यों का मंत्रिमंडल होता है ।अभी सीएम साय के साथ 2 डिप्टी सीएम शपथ ले चुके हैं। मंत्रिमंडल में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, लखन देवांगन, श्याम बिहारी जयसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े शपथ लेंगे।

सीएम ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि नौ विधायकों को नए मंत्रिमंडल में शामिल करने के साथ शुक्रवार को कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। बहुत जल्द ही विभागों का भी बंटवारा होगा। इसके बाद एक और कैबिनेट का विस्तार होगा, जिसमें एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। 

संवैधानिक व्यवस्था के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में सीएम समेत अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में साय कैबिनेट में तीन सदस्य हैं। इसमें मुख्यमंत्री साय और दो डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा शामिल हैं, जिन्होंने राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद 13 दिसंबर को शपथ ली थी। 

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1427731
आखरी अपडेट: 11th May 2024