प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

03/06/24 | 12:03 pm

एमपी के राजगढ़ में भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु, हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुई सड़क दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। बता दें कि राजगढ़ में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से भीषण हादसा हुआ। इस हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि घायलों का इलाज राजगढ़ जिला अस्पताल में चल रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पर ट्वीट करते हुए कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।

राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, “मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।”

रविवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने 4 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पिपलोधीजाद में रविवार (2 जून) देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है। साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने मीडिया को बताया, “एक ट्रैक्टर में कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान से राजगढ़ आ रहे थे। राजस्थान-राजगढ़ बॉर्डर के पास में ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। 15 लोग घायल हैं जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 2 लोग गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें भोपाल रेफर किया गया है।

सीएम मोहन यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की

वहीं राजगढ़ दुर्घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्वीट किया, “राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है। साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।”

 

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530387
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024