प्रतिक्रिया | Sunday, May 12, 2024

15/11/23 | 2:39 pm

Ayodhya:  राम पथ, जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ के बाद अब लक्ष्मण पथ के निर्माण की तैयारी

राम मंदिर के अलावा अयोध्या को सबसे सुंदर नगरी के रूप में स्थापित करने के लिए तमाम निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। लगातार अयोध्या को एक नई ऊंचाई और उसकी बिसरी पहचान को वापस दिलाने का काम किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। जनवरी में रामलला अपने मंदिर में विराजमान भी हो जाएंगे। इन सबके बीच अयोध्या की कनेक्टिविटी को भी लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। अलग-अलग पथों के जरिए फोर लेन कनेक्टिविटी प्रदान की जा रही है। इसमें अब एक नया नाम लक्ष्मण पथ का जुड़ने जा रहा है। यह 12 किलोमीटर लंबा होगा।

अब लक्ष्मण पथ के निर्माण की तैयारी

अयोध्या में राम पथ का निर्माण तेजी से हो रहा है, जो नयाघाट से सहादतगंज तक 13 किमी लंबा मार्ग है। इसके बाद जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, धर्म पथ के बाद अब लक्ष्मण पथ का निर्माण भी योगी सरकार कराने की तैयारी में जुट गई है। भगवान राम के छोटे भाई और शेषावतार लक्ष्मण जी के नाम पर बनने वाले इस नये वैकल्पिक मार्ग निर्माण की भी पूरी कार्ययोजना तैयार है। जिलाधिकारी नीतीश कुमार के अनुसार लक्ष्मण पथ गुप्तारघाट से राजघाट तक बनाया जाएगा। यह पथ फोरलेन होगा।

12 किलोमीटर लंबा यह पथ
इस पथ के निर्माण के लिए नामित कार्यदाई संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की निर्माण ईकाई द्वितीय के अधिशासी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि करीब 12 किलोमीटर लंबा यह पथ उदया हरिश्चंद्र घाट तटबंध के समानांतर प्रस्तावित है। तटबंध की चौड़ाई पहले छह मीटर थी जिसे एक मीटर बढ़ाकर सात मीटर कर दिया गया है। इधर लक्ष्मण पथ की चौड़ाई 18 मीटर तय की गयी है। इसके निर्माण पर लगभग 200 करोड़ की लागत आएगी। इस आशय का प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिया गया है और स्वीकृति की प्रतीक्षा है। स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1439588
आखरी अपडेट: 12th May 2024