प्रतिक्रिया | Wednesday, October 16, 2024

15/10/24 | 5:55 pm

झारखंड विधानसभा चुनाव का ऐलान : 2 चरणों में 13 एवं 20 नवंबर को मतदान, 23 नवंबर को नतीजों का ऐलान

दो महीने बाद मंगलवार को फिर एक बार भारत के चुनाव आयोग ने चुनावी तारीखों का ऐलान किया है। इस बार आयोग ने महाराष्ट्र के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए तारीखों का ऐलान किया है। इस बार झारखंड राज्य की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में 13 एवं 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा। नतीजों का ऐलान 23 नवंबर को किया जाएगा। गौरतलब है कि झारखंड की मौजूदा 5वीं विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 तक है। मंगलवार को चुनाव आयोग द्वारा राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

मतदाता

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ो के अनुसार राज्य में कुल 2.6 करोड़ मतदाता है। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 1.31 करोड़ है तो वही महिला मतदाताओं की संख्या 1.29 करोड़ है। प्रदेश में इस बार 18 से 19 साल के पहली बार के मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। राज्य में 85 साल से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 1.14 लाख है। राज्य में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 448 है।

मतदान केंद्र

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग के मुताबिक राज्यभर में 29562 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे जिनमें 5042 शहरी क्षेत्रों में तो 24520 ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे।

झारखंड की राजनीति में खास

–झारखंड के अलग राज्य बनने के बाद यहां अब तक कांग्रेस अपना मुख्यमंत्री नहीं बना पाई है।

–बीते लगभग ढाई दशक में यहां किसी भी दल को विधानसभा चुनाव में नहीं मिला है पूर्ण बहुमत।

–2019 विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद प्रदेश में तीन बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जा चुकी है।

दो गठबंधनों में हो सकते हैं दो दो हाथ

झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में दो गठबंधनों के बीच दो दो हाथ देखने को मिल सकता है। जहां एक तरफ भाजपा, जद(यू), आजसू एवं लोजपा(रामविलास) मिलकर चुनाव लड़ सकते है तो वही दूसरी तरफ कांग्रेस मुख्यत: झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। दोनों ही तरफ अभी सीटों के बंटवारे को लेकर मंथन जारी है।

2019 विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हुए बड़े राजनीतिक घटनाक्रम

–फरवरी 2020 में बाबूलाल मरांडी एक बार फिर अपनी पार्टी के साथ भाजपा में शामिल हुए।

–मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमीन घोटाले में गिरफ्तारी के चलते जनवरी 2024 के आखिर में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया।

–झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से फरवरी 2024 की शुरूआत में चंपाई सोरेन को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया।

–जेल से निकलके हेमंत सोरेन ने 4 जुलाई 2024 को फिर एक बार मुख्यमंत्री का पद संभाला।

–30 अगस्त 2024 को चंपाई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए।

झारखंड लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम (14 सीट)

भाजपा – 8

झामुमो – 3

कांग्रेस – 2

आजसू – 1

झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 परिणाम (81सीट)

झामुमो – 30

भाजपा – 25

कांग्रेस – 16

आजसू – 2

राजद – 1

अन्य – 5

निर्दलीय – 2

 

कनिष्क मिश्राडी डी न्यूज़

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9575859
आखरी अपडेट: 15th Oct 2024