प्रतिक्रिया | Wednesday, October 16, 2024

15/10/24 | 4:33 pm

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का ऐलान : दो गठबंधन फिर दो – दो हाथ को तैयार, 20 नवंबर को मतदान – 23 नवंबर को नतीजों का ऐलान

भारत के चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 की तारीख का ऐलान कर दिया है। गर्मी का मौसम बीत जाने के बाद जहां मौसम में ठंडक का दौर आना शुरू ही हुआ था कि वहीं चुनाव की इस घोषणा के साथ राजनीतिक माहौल में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ने का समय शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान एक चरण में 20 नवंबर को किया जाएगा। 288 सीटों की विधानसभा के लिए मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी। इस प्रकार लोकसभा चुनाव 2024 के 6 महीने बाद महाराष्ट्र में फिर एक बार दो गठबंधन चुनावी मैदान में दो – दो हाथ करने को तैयार है। 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 145 सीटों का है। गौरतलब है कि राज्य में वर्तमान में चल रही 14वीं विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म होना है। मंगलवार को चुनाव आयोग द्वारा राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

मतदाता

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ो के अनुसार राज्य में कुल मतदाता 9.63 करोड़ है। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 4.97 करोड़ हैं एवं महिला मतदाताओं की संख्या 4.66 करोड़ है। इस बार 18 से 19 साल की आयु के पहली बार के मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 12.43 लाख है। इस बार थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 6031 है।

मतदान केंद्र

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए चुनाव आयोग के मुताबिक राज्यभर में 1,00,186 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे जिसमें 42604 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में होंगे तो 57582 ग्रामीण क्षेत्रों में।

महाराष्ट्र की राजनीति में खास

  • 50 साल में देवेन्द्र फड़नवीस को छोड़कर कोई भी मुख्यमंत्री अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया।
  • 40 साल से किसी भी दल को विधानसभा में पूर्ण बहुमत नहीं मिला।
  • 2019 विधानसभा चुनाव के बाद राज्य ने 3 साल में 3 मुख्यमंत्री देखे।

2024 का चुनाव क्यों खास

आपसी टूट के बाद विधानसभा चुनाव में पहली बार शिवसेना एवं एनसीपी दो धड़ों में चुनाव लड़ने जा रही है। जहां चुनाव आयोग द्वारा एकनाथ शिंदे को शिवसेना का आधिकारिक नाम एवं चुनाव चिन्ह मिला था वही चुनाव आयोग ने उद्धव ठाकरे को अपनी पार्टी का नाम शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) रखने की अनुमति दी। दूसरी तरफ एनसीपी में हुई फूट के बाद अजीत पवार को पार्टी का आधिकारिक नाम एवं चुनाव चिन्ह मिला था तो शरद पवार को अपनी पार्टी के लिए एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नाम मिला।

महायुति बनाम महाविकास अघाड़ी

महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव दो गठबंधनों यानी महायुति एवं महाविकास अघाड़ी के बीच लड़ा जाएगा। एक तरफ महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना एवं एनसीपी मुख्य राजनीतिक दल है। दूसरी तरफ महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) एवं एनसीपी (शरदचंद्र पवार) मुख्य राजनीतिक दल है। दोनों गठबंधनों में चुनाव के मद्देनजर सीटों के बंटवारे की कवायद अंतिम दौर में चल रही है।

2019 विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हुए बड़े राजनीतिक घटनाक्रम

  • मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान करते हुए शिवसेना एनडीए से अलग हुई।
  • महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन में देरी के चलते राष्ट्रपति शासन लगा जो 11 दिनों तक चला।
  • 23 नवंबर 2019 को देवेन्द्र फड़नवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली एवं 5 दिन में ही इस्तीफा दिया।
  • शिवसेना ने कांग्रेस एवं एनसीपी से हाथ मिलकर महाविकास अघाड़ी नामक गठबंधन का गठन किया।
  • 28 नवंबर 2019 को उद्धव ठाकरे ने राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाला एवं वे मुख्यमंत्री बनने वाले ठाकरे परिवार के पहले सदस्य बने।
  • जून 2022 में राज्य में हुए विधानपरिषद के चुनाव में बड़े पैमाने पर महाविकास अघाड़ी के खिलाफ क्राॅस वोटिंग हुई।
  • जून 2022 के आखिर में शिवसेना में शुरू हुई अंदरूनी टूट एवं मौजूदा सरकार में अविश्वास के चलते 29 जून 2022 को उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया।
  • 30 जून 2022 को भाजपा के समर्थन से शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री बने। देवेन्द्र फड़नवीस ने उप मुख्यमंत्री की शपथ ली।
  • 2 जुलाई 2023 में एनसीपी पार्टी में अंदरूनी खींचतान के बाद अजीत पवार कई विधायकों के साथ महायुति गठबंधन में शामिल हुए एवं राज्य के उप मुख्यमंत्री की शपथ ली।

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम (48 सीट)

कांग्रेस – 13
भाजपा – 9
शिवसेना (यूबीटी) – 9
एनसीपी (एसपी) – 8
शिवसेना – 7
एनसीपी – 1
निर्दलीय – 1

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 परिणाम (288 सीट)

भाजपा – 105
शिवसेना – 56
एनसीपी – 54
कांग्रेस – 44
अन्य – 16
निर्दलीय – 13

By- कनिष्क मिश्रा -डी डी न्यूज़

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9575530
आखरी अपडेट: 15th Oct 2024