प्रतिक्रिया | Friday, October 18, 2024

13/06/24 | 12:46 pm

पेमा खांडू ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, चौना मीन बने उपमुख्यमंत्री

भारतीय जनता पार्टी के नेता पेमा खांडू ने आज (गुरुवार) अरुणाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह ईटानगर के दोरजी खांडू सम्‍मेलन केन्द्र में हुआ। चौना मीन ने अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। भव्य शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, किरण रिजिजू और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा समेत कई वीआईपी शामिल रहे। पेमा खांडू लगातार तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने है। सीएम खांडू के साथ 11 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। भारतीय जनता पार्टी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।

पेमा खांडू ने कल शाम राजभवन में उप राज्यपाल के.टी. पटनायक से भेंट की और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उप राज्यपाल पटनायक ने उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। बता दें कि इससे पहले कल बुधवार को दिन में खांडू को सर्वसम्मति से अरुणाचल प्रदेश भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बियूराम वाहगे ने विधायक दल की बैठक में पेमा खांडू के नाम का प्रस्ताव रखा था। जिसका पार्टी के सभी 46 विधायकों ने समर्थन किया। बैठक में भाजपा के केंद्रीय परिपेक्ष रविशंकर प्रसाद और तरुण चुघ सहित केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अगुवाई में भाजपा ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़कर इस बार इतिहास रच दिया है। राज्य में तीसरी बार भाजपा अकेले बहुमत के साथ सत्ता में आई है। भारतीय जनता पार्टी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।

No related posts found.
कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9688682
आखरी अपडेट: 18th Oct 2024