दिल्ली में सुनेत्रा पवार ने की पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा था। इस दौरान उनके दोनों बेटे और एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल भी मौजूद रहे।

शिष्टाचार भेंट की तस्वीरें कीं साझा

सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट हुई। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि शपथ लेने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी उन्होंने मुलाकात की।

अमित शाह ने जताया विश्वास

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भेंट हुई। उन्होंने कहा कि स्व. अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में जो रिक्तता आई है, उसे भरना आसान नहीं है, लेकिन जनकल्याण और प्रदेश के विकास के उनके विजन को साकार करना सभी का साझा कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दिशा में सुनेत्रा पवार का संकल्प महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

10 फरवरी को संभाला कार्यभार

इससे पहले 10 फरवरी को सुनेत्रा पवार ने मंत्रालय में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने कहा कि वह राज्य के कल्याण के लिए अटूट निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगी।

महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी

सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्हें खेल एवं युवा कल्याण, उत्पाद शुल्क और अल्पसंख्यक मामलों के विभाग आवंटित किए गए हैं।

जनता के विकास को बताया प्राथमिकता

एक भावुक पोस्ट में सुनेत्रा पवार ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालते हुए वह विश्वास, कर्तव्य और त्याग की भावना से ओतप्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्व. अजित पवार का राज्य के विकास के प्रति समर्पण उनके लिए प्रेरणास्रोत है और किसानों, महिलाओं, युवाओं व आम नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। (इनपुट: आईएएनएस)