प्रतिक्रिया | Friday, July 26, 2024

तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा फहराने जा रही है झण्डा : राजनाथ सिंह

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण भारत में पहले भाजपा को न के बराबर सीट मिलती थी। इस बार तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा झण्डा फहराने जा रही है। वहीं नार्थ ईस्ट में भी भाजपा मजबूत स्थिति में है। राजनाथ सिंह लखनऊ के बैडमिंटन एकेडमी में मंगलवार को बीबीडी ग्रुप द्वारा आयोजित बौद्धिक वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

रक्षामंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले भारत कोई बात कहता था तो उसे तवज्जो नहीं मिलती थी, आज भारत कुछ बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी के साथ बढ़ रही है। 2047 आते-आते भारत दुनिया की तीसरी अर्थशक्ति बनेगा। आजादी के बाद से लगातार कांग्रेस के नेता गरीबी दूर करने का नारा देते रहे, लेकिन कोई गरीबी दूर नहीं कर पाया। 2014 में जब मोदी के नेतृत्व भाजपा की सरकार बनी। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये।

राजनाथ सिंह ने कहा कि नेताओं की कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। भारत की राजनीति में विश्वसनीयता का संकट था, उस पर हम लोगों ने विजय प्राप्त करने का काम किया। सत्ता में आने के बाद हम लोगों ने जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का काम किया है, चाहे अनुच्छेद 370 का विषय हो या अन्य विषय। राम मंदिर के बारे में हम लोगों ने कहा था, राम हमारी आस्था के केन्द्र हैं, अयोध्या में राम का भव्य मंदिर बनेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति भी जीवन का अभिन्न अंग है। आजाद भारत में राजनीति शब्द अपना भाव व अर्थ खो चुका है। लखनऊ का सांसद होने के नाते आपको यकीन दिलाना चाहता हूं कि मैं राजनीति में उन आदर्शों व मूल्यों की स्थापना के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सभाओं में मैं जनता को कोई आश्वासन नहीं देता। मैंने प्रण किया था कि कोई भी चुनाव लडूंगा, लेकिन कोई आश्वासन नहीं दूंगा। किसी को मैंने कभी आश्वासन नहीं दिया। यहां का जनप्रतिनिधि होने के नाते जो कुछ हो सका मैंने करने का प्रयास किया।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5514601
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024