पीएम मोदी और नितिन नबीन की जोड़ी से बंगाल में खिलेगा कमल: जेपी नड्डा

दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में मंगलवार को उत्साह का माहौल देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नवनिर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी। इस अवसर पर नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाला।

ऐतिहासिक अवसर, युवा नेतृत्व को बधाई

पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभावान नेता पदभार संभाल रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से नितिन नबीन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।

बंगाल से तमिलनाडु तक जीत का भरोसा

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नितिन नबीन की अध्यक्षता में भाजपा आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में कमल खिलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पुडुचेरी और तमिलनाडु में सरकार बनाएगी, असम में सत्ता में वापसी करेगी और केरल में भी बेहतर नतीजे देगी। उन्होंने कहा कि इसी भरोसे और विश्वास के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है।

अपने कार्यकाल को लेकर भावुक हुए नड्डा

जेपी नड्डा ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित क्षमताओं के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का प्रयास किया है। अगर इस दौरान उनसे कोई ऐसी बात कही गई हो, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो उसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन पार्टी को पूरी ताकत से आगे ले जाएंगे और सभी कार्यकर्ता उनका पूरा सहयोग करेंगे।

नई जगहों पर खिलेगा कमल

नड्डा ने कहा कि पार्टी उन राज्यों और क्षेत्रों में भी कमल खिलाएगी, जहां अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। उन्होंने भरोसा जताया कि नया नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और संगठन को और मजबूत करेगा।

2024 के नतीजों से मिली सीख

जेपी नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि नतीजे पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे और इससे देश की जनता भी हैरान हुई। उन्होंने कहा कि उस समय वोटरों में निराशा और नाराजगी की भावना जरूर दिखी, लेकिन इसके बाद मतदाताओं ने तय कर लिया कि वे आगे आने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी को पूरा आशीर्वाद देंगे।

हरियाणा और महाराष्ट्र की जीत का उदाहरण

उन्होंने कहा कि 2024 के बाद विपक्ष हरियाणा चुनावों को लेकर काफी आश्वस्त था और नतीजों से पहले ही जश्न की तैयारी कर रहा था। लेकिन जनता ने छोटी-मोटी गलतियों को सुधारते हुए भाजपा को समर्थन दिया। इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में रिकॉर्ड जीत मिली और दिल्ली में भी कमल खिला तथा भाजपा की सरकार बनी।

नितिन नबीन के अनुभव की सराहना

जेपी नड्डा ने नितिन नबीन के राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि वह मूलत: कार्यकर्ता हैं और वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व नेता हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक बनना और बिहार सरकार में कई बार मंत्री रहना उनकी क्षमता को दर्शाता है।

संगठन से लेकर राज्यों तक मजबूत भूमिका

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में नितिन नबीन को पूरे देश का दौरा करने का अवसर मिला, जिससे उन्होंने देश को करीब से समझा। इसके अलावा, सिक्किम और छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत किया और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद

अपने संबोधन के अंत में जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधान सेवक होने और अत्यधिक व्यस्त रहने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी की बारीकियों पर ध्यान दिया और संगठन को दिशा दी, जिससे यह संभव हो सका। (इनपुट: आईएएनएस)