Print

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 भारत के AI भविष्य का बनेगा निर्णायक मंच

आगामी ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ भारत को जिम्मेदार और समावेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। यह बात आईटी मंत्रालय के विशेषज्ञों ने कही है।

यह समिट 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा। इसे ‘डिजिटल इंडिया आस्क आवर एक्सपर्ट्स’ के 38वें एपिसोड में प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार यह समिट तीन मुख्य स्तंभों — पीपल (People), प्लैनेट (Planet) और प्रोग्रेस (Progress) — पर आधारित है। इन्हीं के तहत अलग-अलग वर्किंग ग्रुप या ‘चक्र’ बनाए गए हैं, जिनसे निकलने वाले सुझाव भारत और ग्लोबल साउथ में AI नीति, स्किलिंग और क्रियान्वयन को दिशा देंगे।

समिट में युवा, स्टार्टअप्स, महिला इनोवेटर्स और टियर-2 व टियर-3 शहरों के प्रतिभागियों के लिए विशेष अवसर होंगे। इसमें AI और डेटा लैब, ग्लोबल चैलेंज, पिच फेस्ट और ‘YUVAI ग्लोबल यूथ चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

इसके साथ ही भारत मंडपम में ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का आयोजन भी होगा, जिसमें दिखाया जाएगा कि AI कैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में बदलाव ला रहा है।

विशेषज्ञों ने बताया कि IndiaAI प्लेटफॉर्म को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि आम नागरिक, छोटे स्टार्टअप और सरकारी संस्थान भी सुरक्षित और खुले ढंग से इसमें भाग ले सकें।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्टार्टअप्स से समाज के हित में AI के उपयोग का आह्वान किया था और AI को सस्ता, समावेशी और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया था।

-(इनपुटःएजेंसी)