टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जिसमें शुभमन गिल को बाहर कर दिया गया है।
टी20 विश्व कप 2026 के साथ-साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान
बीसीसीआई के सचिव देवजित सैकिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टी20 विश्व कप 2026 के साथ-साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान किया। न्यूजीलैंड सीरीज में भी यही टीम हिस्सा लेगी। इस मौके पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी मौजूद रहे।
ईशान किशन को टीम में दी गई जगह
सूर्यकुमार की कप्तानी में घोषित टीम से शुभमन को बाहर रखा गया है। शुभमन गिल लंबे समय से टी20 प्रारूप में निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी जगह ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम में संजू सैमसन विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शामिल हैं और संभावना है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। दूसरे विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। किशन को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बतौर बल्लेबाज शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जहां वह शीर्ष स्कोरर रहे थे। लंबे समय बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई है।
मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह की लंबे समय बाद टीम में वापसी
तिलक वर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है। ऑलराउंडरों में अक्षर पटेल के अलावा हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है। वहीं, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के रूप में दो विशेषज्ञ स्पिनर टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को शामिल किया गया है।
7 फरवरी से शुरू टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा
टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होगा। टी20 विश्व कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह (इनपुट-आईएएनएस)


