प्रतिक्रिया | Monday, September 16, 2024

देश में जारी है बारिश का सिलसिला, मौसम विभाग ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट

देश को मानसून की बारिश से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती दबाव के प्रभाव से एनटीआर, कृष्णा और एलुरु जिलों सहित तटीय आंध्र प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तटीय आंध्र प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान लगाया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्‍ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, बिहार और हरियाणा समेत कई राज्यों में आज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा है कि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। दोनों राज्यों में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विशेषज्ञ टीम बाढ़ प्रभाव का आकलन करने के लिए करेगी दौरा

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और एनटीआर जिलों में बाढ़ के प्रभाव से उबर रहे कुछ हिस्सों में आज सुबह बारिश हुई है। राज्य सरकार की एजेंसियों ने सूचित किया है कि बारिश से विजयवाड़ा में बाढ़ की स्थिति पर कोई दुष्‍प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि बुदामेरू नहर में तीन में से दो दरारों को पहले ही भर दिया गया है और तीसरी को पाटने का काम जारी है। इस बीच, आपदा प्रबंधन के अतिरिक्त सचिव और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम बाढ़ के प्रभाव का आकलन करने के लिए आज आंध्र प्रदेश का दौरा करेगी।

दिल्ली में भी बारिश के आसार
उधर भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में बारिश के आसार हैं। इससे एक दिन पहले भी दिल्‍ली में झमाझम बारिश हुई है। इससे तापमान में गिरावट आई है। आज राजधानी दिल्ली का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि उत्तराखंड और राजस्थान में आठ सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है।तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, असम, मेघालय, झारखंड और अंडमान एवं निकोबार में अगले दो दिन मूसलाधार बरसात होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, सिक्किम, बिहार और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

सीएम ने गृह मंत्री से की बात
वहीं आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। एनटीआर जिले में सर्वाधिक 12, गुंटूर जिले में 07 और पालनाडु जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्यभर में बारिश और बाढ़ से 6.44 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 1.69 लाख एकड़ की फसल और 18,424 एकड़ बागवानी फसल क्षतिग्रस्त हो गई। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का अनुरोध किया है।

प्रभावित परिवार को राशन सामग्री की व्यवस्था
सीएम नायडू ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 25 किलो चावल, एक लीटर खाद्य तेल, 2 किलो प्याज, 2 किलो आलू और 1 किलो चीनी उपलब्ध करवाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि विजयवाड़ा शहर में मोबाइल किसान बाजार स्थापित किए जाएं और पीड़ितों को कम कीमत पर सब्जियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि हमने मंगलवार को 9,09,191 भोजन पैकेट वितरित किए। अब तक हम 6 लाख खाने के पैकेट बांट चुके हैं। 8.50 लाख पानी की बोतलें, 3 लाख लीटर दूध और 5 लाख बिस्किट पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। राज्यभर हमने 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की है। गर्भवती महिलाओं को विशेष इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

फसलों को भी पहुंचा नुकसान
उन्होंने बताया कि प्रदेश में बाढ़ से 1,69,370 एकड़ फसल और 18,424 एकड़ बागवानी फसल क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 2.34 लाख किसानों को नुकसान हुआ है। 60 हजार मुर्गियां और 222 मवेशियों की जान गयी है। बाढ़ के कारण 22 सबस्टेशन और 3,312 किमी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। 78 तालाबों और नहरों में पानी भर गया। राज्यभर में बारिश और बाढ़ के कारण 6,44,536 लोग प्रभावित हुए हैं।

वायुसेना भी मदद में जुटी
इस बीच नौसेना ने बताया कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों के साथ-साथ 6 एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को तैनात किया गया है। राज्य के एनटीआर जिले में 50 हजार किलोग्राम राहत सामग्री गिरायी गयी है। बाढ़ में फंसे हुए 22 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से 1,820 किलोग्राम खाद्य पैकेट और जरूरी 22 किलोग्राम दवाइयां हवाई गिरायी गयी हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8161720
आखरी अपडेट: 16th Sep 2024