वैश्विक समस्याओं के समाधान में भारतीय युवा शक्ति की भूमिका अहम : ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जोधपुर में ‘लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स – II’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति आज दुनिया को वैश्विक समस्याओं के समाधान देने में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं ने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी विकास में अहम योगदान दिया है और अब वे नौकरी चाहने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत आज आधुनिक विज्ञान और अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संतुलित समावेश से वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आधुनिक तकनीक के साथ भारत के पारंपरिक मूल्यों का समन्वय नवाचार और विकास को नैतिक, समावेशी और टिकाऊ बना रहा है।

बिरला ने कहा कि देश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देने में IITs का योगदान महत्वपूर्ण रहा है और आज भारतीय युवा अपने कौशल और नवाचार की वजह से वैश्विक स्तर पर मांग में हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘विकसित भारत’ की दिशा में देश की यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भारत की सफलता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश अब खिलौनों से लेकर रक्षा उपकरणों तक में आत्मनिर्भर बन रहा है। डिजिटल इकोसिस्टम के साथ मिलकर यह प्रयास आत्मनिर्भरता को और मजबूत बना रहे हैं। बिरला ने यह भी कहा कि हर कॉलेज और विश्वविद्यालय को नवाचार और उत्कृष्टता का केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़ते हुए विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुसंधान और उद्योग से सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि IIT के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक को भारतीय सोच और नई दृष्टि के साथ जोड़ कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने शिक्षा संस्थानों को केवल पाठ्यपुस्तक आधारित नहीं, बल्कि ऐसे जीवंत केंद्र बनाने का आह्वान किया जहां विचार पनपें, प्रतिभाएं निखरें और भविष्य के नेतृत्व की नींव रखी जाए। IIT जोधपुर की भूमिका की सराहना करते हुए बिरला ने कहा कि यह संस्थान भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद वैश्विक अनुसंधान, नवाचार और समाज में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने में अग्रणी बना है। उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. अविनाश के. अग्रवाल के नेतृत्व और रक्षा तकनीक व सतत विकास जैसे क्षेत्रों में किए गए नवाचारों की प्रशंसा की। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने ‘रिसर्च इनिशिएटिव ग्रांट’ भी वितरित की जो अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने में सहायक होगी। इसके अलावा उन्होंने संस्थान की नई आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया और परिसर में एक पौधा भी रोपा।- (PIB)

RELATED ARTICLES

13/10/26 | 1:28 pm | इन्फोसिस

AI को बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचाने में भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा: नंदन नीलेकणि

 इन्फोसिस के सह-संस्थापक और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के परीक्षा सुधारों के लिए गठित उच्...

08/10/26 | 9:38 am | Akshay

फिल्म इंडस्ट्री के सह-कलाकारों ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया, कहा- एक युग का अंत

भारतीय सिनेमा के लिए आज एक बहुत दुखद दिन है। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार को अपने आवास ...