23/01/26 | 9:31 am

Print

दिल्‍ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: बारिश और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड

गुरुवार रात से ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। देर रात से चल रही तेज हवाओं का असर शुक्रवार सुबह साफ तौर पर देखने को मिला, जब दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी के साथ बारिश की शुरुआत हुई।

आईएमडी के अनुसार, 23 जनवरी को घने बादल, तेज हवा और ठंड, अधिकतम 19°C, न्यूनतम 12°C रहने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में घने और काले बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप निकलने के आसार बेहद कम हैं। तेज हवाओं और बादलों के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को दिन में भी कड़ाके की ठंड का एहसास होगा। आईएमडी की स्थानीय मौसम रिपोर्ट के मुताबिक 23 जनवरी को अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 24-25 जनवरी को बारिश, आंधी, कोहरा और 6-17°C तापमान के साथ तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि दिन के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना बनी रही। 24 जनवरी को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 25 जनवरी को सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है, जबकि तापमान 17 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

26 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहने का अनुमान है

26 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि इन दिनों के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। तेज हवाओं और बारिश का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में अपेक्षाकृत ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी। यही कारण है कि न्यूनतम तापमान ज्यादा न गिरने के बावजूद दिन में भी ठंड अधिक महसूस होगी। (इनपुट-आईएएनएस)