प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

नई कैबिनेट में भी इन मंत्रियों के विभागों में बदलाव नहीं, जानें देश के नए कैबिनेट मंत्री

 

 

सोमवार को नई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में मंत्रालयों का वितरण भी हो गया है। बड़े मंत्रियों के विभागों में बदलाव नहीं हुआ है। रक्षा, वित्त, गृह और विदेश मंत्रालय पहले की ही तरह राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, अमित शाह और डॉ एस. जयशंकर के पास ही रहेगा। इसके अलावा नितिन गडकरी पहले की तरह सड़क परिवहन मंत्रालय देखेंगे। बतौर राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अजय टम्टा उनके मंत्रालय में सहयोगी मंत्री होंगे।

शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर को बड़ी जिम्मेदारी
नई कैबिनेट में शामिल शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और जेपी नड्डा को इस बार बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिवराज को कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय दिया गया है। खट्टर शहरी विकास और विद्युत मंत्रालय संभालेंगे। नड्डा को मोदी 1.0 की ही तरह स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है। धर्मेन्द्र प्रधान शिक्षा मंत्री, हरदीप पुरी पेट्रोलियम मंत्री, सर्वानंद सोनोवाल बंदरगाह एवं जहाजरानी मंत्री, भूपेंद्र यादव पर्यावरण मंत्री और अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री बने रहेंगे। अश्विनी वैष्णव को इस बार सूचना-प्रसारण मंत्रालय भी दिया गया है।

चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय
सहयोगी दलों को भी मोदी कैबिनेट में बड़े मंत्रालय सौंपे गए हैं। चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय, जीतन राम मांझी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, राम मोहन नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एचडी कुमारस्वामी को भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्रालय दिया गया है।

मनसुख मंडाविया को श्रम और खेल मंत्रालय
श्रम और खेल मंत्रालय मनसुख मंडाविया, वाणिज्य मंत्रालय पीयूष गोयल, संसदीय कार्य मंत्रालय किरण रिजिजू को दिया गया है। सीआर पाटिल को जलशक्ति मंत्रालय सौंपा गया है। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय गजेंद्र सिंह शेखावत, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अन्नपूर्णा देवी को दिया गया है। प्रह्लाद जोशी को नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार मंत्रालय और गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय सौंपा गया है।

मंत्रिपरिषद की सूची इस प्रकार है:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री के साथ ही कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग; अंतरिक्ष विभाग, सभी महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे और अन्य सभी विभाग जो किसी मंत्री को आवंटित नहीं हैं।

कैबिनेट मंत्री
राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री, अमित शाह गृह और सहकारिता मंत्री। नितिन गडकरी सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री। जगत प्रकाश नड्डा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के अलावा रसायन और उर्वरक मंत्री। शिवराज सिंह चौहान कृषि और किसान कल्याण मंत्री के साथ ही ग्रामीण विकास मंत्री। निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री। डॉ. एस जयशंकर विदेश मंत्री। मनोहर लाल आवास और शहरी मामलों के मंत्री और विद्युत मंत्री।

एच. डी. कुमारस्वामी भारी उद्योग मंत्री और इस्पात मंत्री। पीयूष गोयल वाणिज्य और उद्योग मंत्री। धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा मंत्री। जीतन राम मांझी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री। राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पंचायती राज मंत्री; और मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री। सर्बानंद सोनोवाल बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री। डॉ. वीरेंद्र कुमार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री। किंजरापु राममोहन नायडू नागरिक उड्डयन मंत्री। प्रह्लाद जोशी उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री। जुएल ओराम जनजातीय मामलों के मंत्री। गिरिराज सिंह कपड़ा मंत्री। अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री, सूचना और प्रसारण मंत्री, और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री।

ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया संचार मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री। भूपेंद्र यादव पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री। गजेंद्र सिंह शेखावत संस्कृति मंत्री और पर्यटन मंत्री। अन्नपूर्णा देवी महिला और बाल विकास मंत्री। किरेन रिजिजू संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री। हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री। डॉ. मनसुख मंडाविया श्रम और रोजगार मंत्री और युवा मामले और खेल मंत्री। जी. किशन रेड्डी कोयला मंत्री और खान मंत्री। चिराग पासवान खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री। सी आर पाटिल जल शक्ति मंत्री।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5527798
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024