इस साल यूपी में लगेंगे 52 करोड़ पौधे, सीएम योगी ने अयोध्या से किया मेगा अभियान का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बुधवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार इस साल 52 करोड़ पौधे लगाएगी। उन्होंने यह घोषणा एक राज्यव्यापी मेगा वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत के मौके पर की। उन्होंने बताया कि पिछले 8 वर्षों में प्रदेश में 204 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और उनमें से 75 प्रतिशत से अधिक अभी भी जीवित हैं। सीएम योगी ने बताया कि केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र में 5 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है।

वहीं राज्य द्वारा नियुक्त थर्ड पार्टी एजेंसियों ने भी इस वृध्दि की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, “इसका मतलब है कि हम लू की लहर से हरियाली की लहर की ओर बढ़ रहे हैं। भविष्य में हम धरती को बचाने में और योगदान दे सकेंगे।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अयोध्या के दशरथ पथ स्थित रामपुर हलवारा गांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और एक सेल्फी भी ली।

सीएम योगी ने अयोध्या दौरे की शुरुआत संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना से की। उन्होंने पारंपरिक विधियों से पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने रामलला के गर्भगृह में आरती की और मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की। मुख्यमंत्री ने राम दरबार में भी दर्शन कर प्रार्थना की और मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगे की योजनाओं की जानकारी दी।

सीएम योगी का यह जुलाई महीने में अयोध्या का पहला दौरा है। इससे पहले वे 5 जून को राम दरबार के उद्घाटन अवसर पर अयोध्या आए थे।-(ANI)