08/06/24 | 9:46 am | PM Modi | Swearing ceremony

Print

पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित

दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को कल और परसों (09 और 10 जून) के लिए ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित कर निषेधाज्ञा लागू की गई है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने यह आदेश शुक्रवार को जारी किया। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में तीसरे कार्यकाल के लिए कल रविवार की शाम 7:15 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। इस मौके पर मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्यों को भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनी, राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (एनएसजी) कमांडो, ड्रोन और स्नाइपर (अचूक निशानची) को तैनात किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में दक्षेस (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) के सदस्य देशों की गणमान्य हस्तियों को आमंत्रित किए जाने के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी हाई अलर्ट पर रहेगी।

शपथ ग्रहण समारोह में सार्क संगठन के सदस्य देशों के शीर्ष नेता होंगे शामिल

इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और सेशेल्स के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने महानगर के लीला, ताज, आईटीसी मौर्या, क्लेरिजेस और ओबेरॉय जैसे होटल को पहले ही सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के दिन दिल्ली पुलिस के स्वाट और एनएसजी के कमांडो राष्ट्रपति भवन एवं विभिन्न अहम स्थानों के आसपास तैनात रहेंगे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह आयोजन राष्ट्रपति भवन के अंदर होना है, इसलिए परिसर के अंदर और बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा होगी। बाहरी घेरे पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उसके बाद अर्धसैनिक बल के जवान और भीतरी घेरे में राष्ट्रपति भवन की आंतरिक सुरक्षा के जवान तैनात रहेंगे।

दिल्ली की यातायात नियमों में हो सकता है बदलाव

अधिकारियों का कहना है कि रविवार को दिल्ली के मध्य भाग की ओर जाने वाली कई सड़कें बंद की जा सकती हैं या सुबह से ही यातायात में बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर शनिवार से ही जांच बढ़ा दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 292 सीट जीतकर बहुमत हासिल किया है।

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...