12/09/26 | 9:42 am | BRICS Summit

Print

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली में चाक-चौबंद सुरक्षा, 700 से अधिक सीसीटीवी से निगरानी

राजधानी दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है।

दिल्ली में अलग-अलग सेक्टर जोन में पुलिसकर्मियों की तैनाती है। सुरक्षा के लिए 15,000 पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां लगाई गई हैं। तकनीकी उपकरण भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी खतरे का पता लगाया जा सके।

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सुरक्षा को मजबूत करने और आईजीआई एयरपोर्ट से शांति पथ तक के रास्तों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और पांच कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में एक खास सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बना है, जहां से लगभग 500 कैमरों की फीड देखी जा सकती है। रास्ते की सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए खास सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं।

भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। ब्रिक्स में अभी 11 सदस्य देश और 10 पार्टनर देश हैं। ऐसे में ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के लिए सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच रहे हैं। (इनपुट-आईएएनएस)