आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल। आज मां गंगा के ईर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा, NDA सरकार है।”

पीएम मोदी ने सभी पांच राज्यों के मतदाताओं को धन्यवाद दिया

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सभी पांच राज्यों के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जीत का जो उल्लास दिखाई दे रहा था वह यादगार था और उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया क्योंकि पार्टी ने तीन विधानसभाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने कहा, “आज का दिन प्रदर्शन, स्थिरता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की राजनीति में विश्वास जताने का दिन है, और देश के उज्ज्वल भविष्य की घोषणा का दिन है”

मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है

उन्होंने कहा, “2013 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से एक ध्वनि निकली और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है और आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं, मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहा है।”

भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण ही कमल खिला

पीएम मोदी ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण ही कमल खिला है,” और मतदाताओं ने दुनिया को दिखा दिया है कि देश को लोकतंत्र की जननी क्यों कहा जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जय पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है। लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व के दिखाया है ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है… लोकतंत्र, डेमोक्रेसी, हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है। ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है। आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं।

पश्चिम बंगाल में करीब 93 प्रतिशत मतदान अपने आप में ऐतिहासिक

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।”

पीएम मोदी ने कहा कि अभी 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है। भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं, वो महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है जिसने डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है।(इनपुट-एएनआई)