प्रतिक्रिया | Thursday, April 24, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!

रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली

आज रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और अंत में रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर कहा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, “प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे। आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!”

वह राष्ट्रीय राजधानी के मुद्दों और समस्याओं से परिचित हैं

आपको बता दें कि विभिन्न संगठनात्मक क्षमताओं और एक पार्षद के रूप में दिल्ली की सेवा करने वाली 50 वर्षीय रेखा गुप्ता राष्ट्रीय राजधानी के मुद्दों और समस्याओं से परिचित हैं। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की महिला मुख्यमंत्री रही हैं। भाजपा ने ऐतिहासिक जनादेश में 48 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया। यह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि 27 साल बाद पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापस आई है।

आज शपथ ग्रहण में रामलीला मैदान खचाखच भरा था। समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य, और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे।
(इनपुट-आईएएनएस)

 

 

 

 

 

आगंतुकों: 24300299
आखरी अपडेट: 24th Apr 2025