Print

ट्राई ने जारी की मुनाबाओ-तनोट रूट की नेटवर्क रिपोर्ट, कंपनियों को सुधार के निर्देश

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान के मुनाबाओ से तनोट तक राष्ट्रीय राजमार्ग-70 पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए जून 2026 में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (IDT) के निष्कर्ष जारी किए हैं। 311.4 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 3 जून 2026 को किए गए परीक्षण में एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो (RJIL) और वोडाफोन आइडिया (VIL) की वॉयस और डेटा सेवाओं का वास्तविक समय में मूल्यांकन किया गया।

311.4 किमी रूट पर नेटवर्क गुणवत्ता का हुआ परीक्षण

ट्राई ने अपनी नियुक्त एजेंसी के माध्यम से जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय की निगरानी में यह ड्राइव टेस्ट कराया। परीक्षण के दौरान मुनाबाओ से तनोट तक एनएच-70 पर सुंद्रा, म्याजलार, गुंजनगढ़, बंधा, लोंगेवाला और सधावाला जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया। इसमें कॉल सेटअप सफलता, कॉल ड्रॉप, कवरेज, डेटा डाउनलोड-अपलोड स्पीड, लेटेंसी और कॉल साइलेंस जैसे प्रमुख गुणवत्ता मानकों का आकलन किया गया।

जियो में सबसे कम कवरेज गैप, बीएसएनएल और वीआई पीछे

रिपोर्ट के अनुसार, ऑटो-सेलेक्शन मोड (5जी/4जी/3जी/2जी) में कवरेज गैप के मामले में रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। जियो में 14,701 नमूनों में से 881 स्थानों पर कवरेज नहीं मिला। एयरटेल में यह संख्या 14,130 में से 5,728, बीएसएनएल में 10,174 में से 8,509 और वीआई में 11,286 में से 9,227 रही।

कॉल ड्रॉप में जियो का प्रदर्शन बेहतर

सफलतापूर्वक स्थापित कॉलों में एयरटेल की 48 में से 10 कॉल, बीएसएनएल की 6 में से 2 कॉल, जियो की 76 में से 3 कॉल और वीआई की 8 में से 1 कॉल ड्रॉप हुई। कॉल साइलेंस के मामलों में एयरटेल में 32 कॉलों में 4, बीएसएनएल में 7 कॉलों में 2 और जियो में 68 कॉलों में 8 घटनाएं दर्ज की गईं। वीआई के 4जी/5जी नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण उसके लिए यह आंकड़ा दर्ज नहीं किया जा सका।

डाउनलोड स्पीड में जियो सबसे आगे

डेटा डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो सबसे आगे रही। जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 55.05 Mbps दर्ज की गई, जबकि एयरटेल की 42.83 Mbps रही। बीएसएनएल की औसत डाउनलोड स्पीड 3.49 Mbps और वीआई की केवल 0.35 Mbps दर्ज की गई।

अपलोड स्पीड में एयरटेल अव्वल

अपलोड स्पीड के मामले में एयरटेल ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। एयरटेल की औसत अपलोड स्पीड 14.03 Mbps रही, जबकि जियो की 7.01 Mbps, बीएसएनएल की 2.80 Mbps और वीआई की 0.75 Mbps दर्ज की गई।

सेवा सुधार के लिए कंपनियों से साझा की गई रिपोर्ट

ट्राई ने कहा कि ड्राइव टेस्ट के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर दिए गए हैं ताकि वे नेटवर्क गुणवत्ता में आवश्यक सुधार कर सकें। प्राधिकरण के अनुसार, यह रिपोर्ट केवल परीक्षण के दिन और समय के दौरान संबंधित मार्ग पर नेटवर्क प्रदर्शन को दर्शाती है। विस्तृत रिपोर्ट ट्राई की वेबसाइट पर उपलब्ध है। (इनपुट: पीआईबी)