रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्ति पर ट्रंप की त्रिपक्षीय बैठक योजना को मिला यूरोपीय नेताओं का समर्थन

यूरोप के शीर्ष नेताओं ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस पहल का समर्थन किया है, जिसके तहत अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई गई है। यूरोपीय नेताओं ने कहा कि यह पहल पिछले चार साल से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम हो सकती है।

आज शनिवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने संयुक्त बयान जारी किया। यह बयान ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 15 अगस्त को अलास्का में हुई ऐतिहासिक बैठक के बाद सामने आया।

बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात के बाद यूरोपीय नेताओं और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को बातचीत की जानकारी दी। यूरोपीय नेताओं ने ट्रंप की इस कोशिश की सराहना की और कहा कि यह कदम रूस की आक्रामकता को रोकने और यूक्रेन में हिंसा समाप्त करने में मददगार साबित हो सकता है।

यूरोपीय नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी शांति समझौते में यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा को “मजबूत गारंटी” के साथ शामिल किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि यूक्रेन के भविष्य, उसके गठबंधनों और उसकी जमीन से जुड़े फैसले केवल कीव ही करेगा। यूरोपीय नेताओं ने साफ किया कि रूस को यूक्रेन के नाटो और यूरोपीय संघ में शामिल होने की प्रक्रिया पर कोई वीटो अधिकार नहीं होगा।

साथ ही, नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक युद्ध चलता रहेगा, यूरोपीय देश यूक्रेन को सैन्य, राजनीतिक और आर्थिक मदद देते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर रूस अपनी आक्रामकता नहीं रोकता, तो उस पर और कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे और उसकी युद्ध-आर्थिक व्यवस्था पर दबाव और बढ़ेगा।

यह संयुक्त बयान ट्रंप और पुतिन की बैठक के अगले दिन जारी किया गया है। बैठक में दोनों नेताओं ने युद्धविराम और शांति बहाली की संभावनाओं पर चर्चा की। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने घोषणा की है कि वे सोमवार को वॉशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इसे रूस-यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने की कूटनीतिक कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है।- (ANI)

RELATED ARTICLES

13 hours ago | Donald Trump Iran Sanctions

ट्रंप के दावे पर ईरान का पलटवार: होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध अब भी बरकरार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध हटाने के दावे के बावजूद ई...

30/05/26 | 12:43 pm | Bodh Gaya Myanmar President welcome

बोधगया पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग, राज्यपाल हसनैन ने किया स्वागत

म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने अपने भारत दौरे की शुरुआत बिहार के बोधगया से की, जहां उ...

30/05/26 | 11:47 am | Ajit Doval Moscow security forum

आतंकवाद के खिलाफ भारत का सख्त रुख, सीमा पार समर्थन देने वाले देशों पर वैश्विक कार्रवाई की अपील

विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर क...