अंडर-19 एशिया कप: श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर फाइनल में भारत, रविवार को पाकिस्तान से भिड़ंत

आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल-1 में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मुकाबले में रविवार को इसी मैदान पर भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।

श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में 8 विकेट खोकर 138 रन बनाए

बारिश के कारण गीली आउटफील्ड के चलते मैच को घटाकर 30-30 ओवरों का कर दिया गया था। भारत ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में 8 विकेट खोकर 138 रन बनाए।

चामिका हीनातिगला ने 38 गेंदों में 42 रन बनाए

श्रीलंका की ओर से चामिका हीनातिगला ने 38 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि कप्तान विमथ दिनसारा ने 29 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा सेथ्मिका सेनेविरत्ने ने 30 रन का योगदान दिया।

हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट झटके

भारत की तरफ से हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट झटके, जबकि किशन कुमार सिंह, दीपेश देवेंद्रन और खिलन पटेल को 1-1 विकेट मिला।

भारत ने 18 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते जीता मैच

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 18 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मैच जीत लिया। टीम इंडिया ने 25 रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज का विकेट गंवाया। इसके बाद आरोन जॉर्ज (नाबाद 58) और विहान मल्होत्रा (नाबाद 61) ने तीसरे विकेट के लिए 87 गेंदों में 114 रन की अटूट साझेदारी कर भारत को आसान जीत दिलाई। श्रीलंका की ओर से दोनों विकेट रसिथ निमसारो ने लिए।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम 26.3 ओवरों में 121 रन पर सिमटी

दूसरी ओर, द सेवेंस स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में ओवरों की संख्या घटाकर 23-23 कर दी गई थी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम 26.3 ओवरों में 121 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की ओर से समीउन बसीर रतुल ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि कप्तान अजीजुल तमीम ने 20 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान ने 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि हुजैफा एहसान ने 2 विकेट लिए।

पाकिस्तान ने 16.3 ओवरों में लक्ष्य किया हासिल

इसके जवाब में पाकिस्तान ने 16.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले ही ओवर में विकेट गंवाने के बावजूद पाकिस्तान ने शानदार वापसी की। उस्मान खान ने समीर मिन्हास के साथ दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। उस्मान 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद समीर मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन की अटूट साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को आसान जीत दिलाई। समीर मिन्हास 57 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 69 रन बनाकर नाबाद रहे।
(इनपुट : आईएएनएस)