उत्तराखंड सरकार ने हाल ही में साधु संतों का भेष बनाकर लोगों को ठगने और सनातन संस्कृति को बदनाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए ‘ऑपरेशन कालनेमि’ की शुरुआत की है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत छद्म वेषधारियों को गिरफ्तार किया जा रहा हैं। सोमवार को एक्स पर पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत 100 से अधिक पाखंडी अब कानून की गिरफ्त में हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पुण्यभूमि पर किसी भी प्रकार का ढोंग, छल या धार्मिक आवरण में छिपा अपराध सहन नहीं किया जाएगा।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऑपरेशन कालनेमि केवल सुरक्षा अभियान नहीं, बल्कि आस्था, सनातन संस्कृति और देवभूमि की दिव्यता की रक्षा का संकल्प है। राज्य सरकार देवभूमि की पवित्रता और सांस्कृतिक अस्मिता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सावन मास और चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान और अधिक सतर्कता व गंभीरता के साथ जारी रहेगा।
दरअसल, यह अभियान लव जिहाद, लैंड जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों के खिलाफ है। वहीं, एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में सीएम धामी ने कहा कि रामायण का प्रसंग आपके सामने आया उस समय भी कालनेमि था। सही उद्देश्य के लिए काम करने वाले भगवान राम के भक्त हनुमान जब संजीवनी बूटी लेने के लिए जा रहे थे, तो भेष बदलकर, छद्म रूप बनाकर के गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। उसी समय भगवान हनुमान को पता लग गया कि यह कालनेमि है और उन्होंने उसका अंत कर दिया उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी बहुत सारे कालनेमि छद्म भेष बनाकर अनेक स्थानों पर अपनी पहचान छुपाकर के धार्मिक भावनाओं को आहत करने का काम कर रहे हैं। जो सच्चे धर्म की खोज में, पुण्य की खोज में और अपने आप को प्राप्त करने के लिए भगवान की शरण में जाते हैं, देवभूमि जाते हैं या अन्य स्थानों पर जाते हैं। उनको किसी न किसी रूप में मार्ग भटकाने का काम करते हैं। उनको कहीं रोकने का काम करते हैं और सनातन का नुकसान करते हैं।
यह अभियान ऐसे लोगों की पहचान कर उन सभी लोगों को रोकने और उजागर करने का काम कर रहे हैं।
वहीं, ऑपरेशन कालनेमि’ पर ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा, “मैं ‘ऑपरेशन कालनेमि’ शुरू करने के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद देता हूं। ऑपरेशन कालनेमि किसी बाबा या संत के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन लोगों के खिलाफ है जो समाज को ठग रहे हैं और लूट रहे हैं, यह ऑपरेशन बहुत महत्वपूर्ण है। सभी को इस ऑपरेशन का समर्थन करना चाहिए। (इनपुट-एएनआई)


