BRICS सम्मेलन 2026: पीएम मोदी की मेजबानी में नई दिल्ली बनेगा ग्लोबल सेंटर स्टेज, 12-13 सितंबर को तमाम देशों के नेताओं का लगेगा जमावड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 18वें BRICS लीडर्स समिट की मेजबानी करेंगे। यह समिट समूह की स्थापना के दो दशक पूरे होने का जश्न मनाने के साथ-साथ विस्तारित BRICS+ के लिए पहली बड़ी नेताओं की बैठक होगी। इससे एक दिन पहले 11 सितंबर को उसी स्थान पर BRICS बिजनेस फोरम और वीमेंस बिजनेस अलायंस का सत्र भी आयोजित होगा। भारत पहले ही देश भर के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा BRICS से जुड़ी बैठकें और उच्च स्तरीय संवाद आयोजित कर चुका है।

समिट का मुख्य एजेंडा और थीम

भारत की 2026 अध्यक्षता का केंद्रीय थीम है— “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी”, जो “ह्यूमैनिटी फर्स्ट” के विजन को दर्शाता है। चर्चा का फोकस व्यापार, डिजिटल तकनीक, वित्त, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक शासन सुधार में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर रहेगा। विभिन्न सत्रों में मजबूत वैश्विक सप्लाई चेन, क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सिस्टम, राष्ट्रीय मुद्राओं का अधिक इस्तेमाल, MSME विकास, डिजिटल ट्रेड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु रेजिलिएंस, विकास वित्त और न्यू डेवलपमेंट बैंक के विस्तार जैसे मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। समिट के अंत में आपसी सहमति से संयुक्त लीडर्स घोषणापत्र अपनाए जाने की संभावना है।

कौन-कौन से नेता पहुंचेगे?

समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आने की पुष्टि हो चुकी है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी शामिल होने की उम्मीद है। उनका यह दौरा 2019 में ममल्लापुरम में पीएम मोदी के साथ अनौपचारिक मुलाकात के बाद पहला भारत दौरा होगा, जिससे द्विपक्षीय वार्ता भी कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाएगी। अन्य प्रमुख नेताओं में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के भी शामिल होने की उम्मीद है।

विस्तारित BRICS और भारत की पिछली अध्यक्षताएं

2025 में इंडोनेशिया के पूर्ण सदस्य बनने के बाद अब BRICS में 11 पूर्ण सदस्य देश हैं — ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और यूएई। इसके अलावा 10 पार्टनर देश — बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम — भी फ्रेमवर्क में हिस्सा लेते हैं। भारत इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में भी BRICS अध्यक्षता संभाल चुका है। 2012 में उसने न्यू डेवलपमेंट बैंक की नींव रखी, 2016 में आतंकवाद और सुरक्षा पर फोकस बढ़ाया तथा 2021 में महामारी के दौरान बहुपक्षीय सहयोग बनाए रखा। 2026 में विस्तारित ढांचे के मेजबान के रूप में भारत ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और संस्थागत सुधार, वित्तीय समावेश तथा सतत विकास के लिए BRICS को मजबूत आवाज बनाने पर जोर दे रहा है। नई दिल्ली समिट भारत को वैश्विक चर्चाओं के केंद्र में लाएगी और रूस तथा चीन जैसे प्रमुख साझेदारों के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संवाद का मंच भी प्रदान करेगी। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

40 seconds ago

भारतीय नौसेना में शामिल हुआ स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत आईएनएस मंगरोल

भारतीय नौसेना ने 12 अक्टूबर 2026 को मुंबई स्थित नौसेना गोदी में स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस मंगरोल (पी82...

48 mins ago | Climate Change and Disaster Preparedness

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस: सतर्कता, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से होगा सुरक्षित समाज का निर्माण

“प्रकृति जब अपने रौद्र रूप में आती है, तो सभ्यता के ऊंचे-ऊंचे दावे ताश के पत्तों की तरह बिखर जाते ...