केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को नई दिल्ली में लिवरपूल विश्वविद्यालय को आशय पत्र (एलओआई) सौंपे जाने के समारोह की अध्यक्षता की। लिवरपूल विश्वविद्यालय भारत में अपना परिसर स्थापित करने वाला दूसरा ब्रिटिश विश्वविद्यालय बन गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को दोहराते हुए केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। नई शिक्षा नीति 2020 का पूरी तरह क्रियान्वयन इस महत्वाकांक्षा को सच कर दिखाने की कुंजी है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 की प्राथमिक सिफारिशों में जमीनी, भविष्योन्मुखी और वैश्विक शिक्षा प्रमुख है और इनका उद्देश्य वैश्विक नागरिक तैयार करना है। उन्होंने बताया कि 15 विदेशी विश्वविद्यालय एसटीईएम में परिसर खोलने के लिए भारत आएंगे।
समारोह में आज धर्मेंद्र प्रधान ने अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार जैसे क्षेत्रों में ध्यान केन्द्रित करने का भी आग्रह किया तथा प्रसन्नता व्यक्त की कि लिवरपूल विश्वविद्यालय नवाचार को बढ़ावा देने वाले विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) – सम्बंधित अनुसंधान पर ध्यान केन्द्रित करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक नागरिकों की नई पीढ़ी तैयार करना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारत में नवाचार केन्द्र विश्वविद्यालय तथा समाज दोनों के लिए परस्पर लाभकारी होगा। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि लिवरपूल विश्वविद्यालय भारत में अपनी शाखा की सार्वजनिक घोषणा करने वाला चौथा विदेशी विश्वविद्यालय है।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि बेंगलुरु में लिवरपूल विश्वविद्यालय का परिसर एक वैश्विक परिसर होगा जो अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाएगा और वैश्विक कल्याण साथ ही समृद्धि में योगदान देने के लिए वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि स्थिरता, स्वास्थ्य और कल्याण तथा समृद्धि आज दुनिया का साझा एजेंडा है और विश्वविद्यालय इसके केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सिद्धांत के साथ भारत वैश्विक एजेंडा को आगे बढ़ाने और वैश्विक जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए उपयुक्त स्थान है।
आपको बता दें, 1881 में मूल ‘लाल ईंट’ से स्थापित, लिवरपूल विश्वविद्यालय ब्रिटेन के अग्रणी शोध-गहन उच्च शिक्षा संस्थानों में से एक है और इसका वार्षिक कारोबार 708.3 मिलियन पाउंड है। दुनिया भर में शीर्ष 175 विश्वविद्यालयों में लगातार शामिल रहने वाला यह ब्रिटेन के अग्रणी शोध विश्वविद्यालयों के प्रतिष्ठित रसेल समूह का सदस्य है। देश के सबसे बड़े नागरिक संस्थानों में से एक के रूप में शैक्षणिक विरासत को दर्शाने वाले इस विश्वविद्यालय की पहुंच और प्रभाव वैश्विक हैं।
वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल को बेंगलुरु में पहला विदेशी विश्वविद्यालय परिसर खोलने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से औपचारिक स्वीकृति मिल गई है। अगस्त 2026 में स्नातक और स्नातकोत्तर विषयों के पहले समूह के लिए शुरुआत में छात्र व्यवसाय प्रबंधन, लेखा और वित्त, कंप्यूटर विज्ञान और जैव चिकित्सा विज्ञान में कार्यक्रम दाखिला ले सकेंगे। उल्लेखनीय रूप से, यह गेम डिज़ाइन में एक कार्यक्रम भी शुरू करेगा – भारत में ब्रिटिश विश्वविद्यालय परिसर के लिए यह अभिनव विषय पेश करने की एक अनूठी पेशकश है। नया परिसर समृद्ध वैश्विक आदान-प्रदान के अवसर भी पैदा करेगा, जिससे ब्रिटेन के छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन के लिए एक रोमांचक नया गंतव्य मिलेगा।
बेंगलुरु परिसर में शोध-केंद्रित माहौल तैयार किया जाएगा। महत्वपूर्ण मौलिक, अनुप्रयुक्त और उद्योग-संचालित शोध बेंगलुरु परिसर पर आधारित होंगे जो वैश्विक और स्थानीय चुनौतियों और जरूरतों की एक श्रृंखला के लिए समाधान प्रदान करेंगे। नियोक्ताओं, सफल पूर्व छात्रों और उद्यम और उद्यमिता गतिविधियों के लिए बेहतर समर्थन के साथ विश्वविद्यालय के सुस्थापित सम्बंध यह सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों में सफल करियर या आगे की पढ़ाई के लिए आवश्यक कौशल विकसित हो।
वैश्विक उद्योग मानकों को पूरा करने के लिए तैयार किए गए पाठ्यक्रम और विविध संकाय से पढ़ने वाले छात्र अंतरराष्ट्रीय नौकरी बाजार में प्रतिस्पर्धा करने और वैश्विक कार्यबल में सार्थक योगदान देने के लिए पूरी तैयार होकर स्नातक की डिग्री प्राप्त करेंगे।


