संसद भवन पर हुए आतंकी हमले की शनिवार को 24वीं बरसी है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शहीद जवानों को स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
वीरगति को प्राप्त हुए सुरक्षाबलों के जवानों को नमन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,
“आज का दिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे सुरक्षाबलों के अदम्य शौर्य और साहस को स्मरण करने का है। वर्ष 2001 में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर, संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले को हमारे जवानों ने अपने जज्बे से नाकाम किया। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए सुरक्षाबलों के जवानों को नमन करता हूं। राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।”
आतंकी हमले के दौरान अटूट ढाल बनकर खड़े रहने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को दिल से श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “संसद भवन पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के दौरान अटूट ढाल बनकर खड़े रहने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को याद कर उन्हें दिल से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने हमारे लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस, सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा सदैव देश की चेतना में जीवित रहेगी और भारत के संकल्प को प्रेरित करती रहेगी।”
आतंकी हमले में मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर लिखा, “लोकतंत्र के मंदिर ‘संसद भवन’ पर वर्ष 2001 में हुए कायराना आतंकी हमले में मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि। उनका बलिदान भारत की लोकतांत्रिक आत्मा की रक्षा के प्रति उनके अडिग संकल्प का प्रतीक है। राष्ट्र सदैव इन वीरों का ऋणी रहेगा और उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को देश के सम्मान और अखंडता की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेगी।”
कायराना आतंकी हमला राष्ट्र की स्वायत्तता, स्वाभिमान और लोकशक्ति पर नृशंस आघात
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “‘लोकतंत्र के मंदिर’ भारत के संसद भवन पर वर्ष 2001 में आज ही के दिन हुआ कायराना आतंकी हमला राष्ट्र की स्वायत्तता, स्वाभिमान और लोकशक्ति पर नृशंस आघात था। इस हृदयविदारक घटना में अपने प्राणों की आहुति देकर संसद की गरिमा और राष्ट्र की रक्षा करने वाले अमर वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र सदैव उनका कृतज्ञ रहेगा। जय हिंद!” (इनपुट: आईएएनएस)


