केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी 9 सितंबर को वाराणसी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ करेंगी

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 9 सितंबर, 2026 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारम्भ करेगा। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पूरे महीने चलने वाले इस अभियान का शुभारम्भ करेंगी।

2018 में पोषण अभियान शुरू किया गया था

वर्ष 2047 तक सुपोषित भारत को विकसित भारत की नींव बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर, 2018 में पोषण अभियान शुरू किया गया था ताकि पोषण को राष्ट्रीय विकास एजेंडा के केंद्र में रखा जा सके। हर साल सितंबर में मनाया जाने वाला राष्ट्रीय पोषण माह तभी से जन आंदोलन बन चुका है। यह अभियान समुदायों को महिलाओं, बच्चों और किशोरों में पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल संबंधी व्यवहारों को मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है।

हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी

इसका नौवां संस्करण “हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी” थीम के तहत पोषण की इस यात्रा को आगे बढ़ाता है, जिसमें प्रत्येक नागरिक से आंगनवाड़ी केंद्र की साझा जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया गया है, जो देश के बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा का पहला केंद्र है।

इस वर्ष का अभियान मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 के तहत संशोधित पूरक पोषण कार्यक्रम (एसएनपी) दिशानिर्देशों से गति प्राप्त करेगा। इन दिशानिर्देशों में पहली बार गर्म पका हुआ भोजन परिभाषित किया गया है और एसएनपी मेनू बोर्ड अनिवार्य किए गए हैं। इसके साथ ही, इसमें आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों की स्थापना के लिए दिशानिर्देश भी दिए गए हैं।

लॉन्च इवेंट की मुख्य बातें

इस कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पोषण मेले के भ्रमण और दीप प्रज्ज्वलन से होगी। गर्म पका हुआ भोजन, घर ले जाने वाला राशन, गृह-गृह जाकर सहायता प्रदान करने और प्राथमिक शिक्षा एवं बाल विकास (ईसीसी) से संबंधित लाभार्थियों के अनुभव साझा करने वाले वीडियो दिखाए जाएंगे, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच प्रत्यक्ष संवाद होगा। पीएमएमवीवाई के 10 वर्ष पूरे होने और पोषण माह 2026 के शुभारम्भ से संबंधित फिल्मों के साथ ही गणमान्य व्यक्ति औपचारिक रूप से अभियान का शुभारम्भ करेंगे।

सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया राष्ट्रीय पोषण माह 2026

राष्ट्रीय पोषण माह 2026 सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायतों और घरों में सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा , जो इस बात की पुष्टि करता है कि अच्छी तरह से पोषित बच्चा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और एक विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।