उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। वह साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस मौके पर कंपनी द्वारा बनाए गए अत्याधुनिक डाटा संग्रहण केंद्र (डाटा सेंटर) का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। वहीं बुधवार देर रात जिलाधिकारी दीपक मीणा और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीईएल के प्रवक्ता कृष्णवीर के अनुसार, नया डाटा सेंटर एक बैंक लॉकर की तरह काम करेगा, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की अन्य कंपनियों का डेटा सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जा सकेगा। यह सेंटर औद्योगिक डेटा की सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल है।
सीएम योगी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से करेंगे मुलाकात
डाटा सेंटर का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी दोपहर करीब 1:30 बजे इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचेंगे, जहां वह जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, वह कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से मिलेंगे, उन्हें यात्रा किट देंगे और यात्रा के लिए जत्थे को रवाना करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कड़कड़ मॉडल और झंडापुर क्षेत्र सहित कार्यक्रम स्थलों के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीसीपी ट्रांस हिंडन के अनुसार, पूरे इलाके में 600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें सादी वर्दी और खाकी वर्दी दोनों में सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) भी निगरानी में सक्रिय है ताकि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो।-(IANS)


