पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य हमलों को फिलहाल रोक देने की घोषणा की है। इस संबंध में ट्रंप का कहना है कि ईरान के साथ वार्ता अहम मुकाम पर पहुंच चुकी है और समझौते के कई बड़े मुद्दों पर सहमति बनने की दिशा में तेज प्रगति हो रही है।
वहीं ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई चर्चाओं के बाद उन्होंने नियोजित सैन्य कार्रवाई रद्द करने का फैसला लिया है।
उन्होंने दावा किया कि समझौते की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। इस प्रक्रिया में अमेरिका के अलावा इजराइल, सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, तुर्किये, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और मिस्र समेत कई देश शामिल रहे हैं।
नाकाबंदी जारी रहेगी
ट्रंप ने हालांकि साफ किया कि क्षेत्र में लागू नौसैनिक नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक अंतिम समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर नहीं हो जाते। उन्होंने संकेत दिया कि समझौते से जुड़ी अगली बड़ी घोषणाएं जल्द की जा सकती हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य खुला और सुरक्षित
इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। सेंटकॉम के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के लिए यह मार्ग पूरी तरह खुला और सुरक्षित है।
जो जहाज ईरान से जुड़े अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं कर रहे, वे सामान्य रूप से इस जलडमरूमध्य का उपयोग कर सकते हैं। अमेरिकी पक्ष का दावा है कि पिछले दो महीनों में सैकड़ों वाणिज्यिक जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट से गुजर चुके हैं।
यह घटनाक्रम पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की दिशा में एक बड़ा विकास माना जा रहा है। आगे की अपडेट्स पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। (इनपुट-एजेंसी)


